Ayodhya Deepotsav 2024: अयोध्या दीपोत्सव 2024 में एक साथ दो रिकॉर्ड बने। जहां एक ओर इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में दीपों को जलाया गया तो वहीं सरयू आरती में उमड़ी भीड़ ने अपना एक अलग से रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार भगवान राम के आगमन पर दीपोत्सव मनाया गया। रामकी पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल पर दीयों को जलाया गया है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सरयू आरती
रामलला की मौजूदगी में पहले दीपोत्सव पर इस बार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अनूठी पहल की है। पहली बार 1,121 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू मैया की आरती की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम अविरल सरयू तीरे बने घाट पर मैया की आरती की। 1,121 वेदाचार्य एक ही रंग के परिधान में एक स्वर में सरयू मैया की आरती करते रहे। इसमें एक तरफ जहां आध्यात्मिकता का रंग था, वहीं दूसरी तरफ यह अनूठा आयोजन जनमानस में योगी सरकार की छवि को और निखार रहा था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसकी घोषणा भी की। आरती से पहले सीएम योगी ने मां सरयू की पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ यहां केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आदि मौजूद रहे। बुधवार को दीपोत्सव में भगवान राम की महिमा का प्रदर्शन करने वाली भव्य झांकियां भी निकाली गई। इसके अलावा कलाकारों ने नृत्य भी प्रस्तुत किया।
अयोध्या दीपोत्सव 2024 गिनीज बुक में दर्ज
अयोध्या में सरयू नदी के तट पर बुधवार को आठवें 'दीपोत्सव' के अवसर पर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिश में एक साथ लाखों मिट्टी के दीये जलाए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस समारोह का नेतृत्व किया । उन्होंने अपने मंत्रियों और अन्य के साथ मिलकर कुछ दीये जलाये और दीपोत्सव की शुरुआत की। इस साल की शुरुआत में 22 जनवरी को राम लला मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से यह पहला दीपोत्सव है। जिसके बाद गिनीज अधिकारी ने पुष्टि की कि अयोध्या दीपोत्सव में बुधवार को 25 लाख 12 हजार 585 दीप जले। पच्चीस लाख से अधिक दीये जलाकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार और अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
हर दिल में फिर उतरे योगी
2017 में दीपोत्सव के सृजनकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिर हर दिल में उतर गए। अयोध्या से अपनी गोरक्षपीठ के प्रगाढ़ रिश्तों को मूर्त रूप देते हुए मुख्यमंत्री ने इसे अनवरत जारी रखा। सीएम योगी के पहले और दूसरे कार्यकाल में दीपोत्सव का यह आयोजन समृद्ध से समृद्धतम होता रहा तो दीपों से दिव्य और भावनाओं से भव्य अयोध्या ने योगी को फिर हर दिल में बैठा लिया।
वर्ष दर वर्ष बढ़ती गई समृद्धि
2017 में अयोध्या में 1.71 लाख, 2018 में 3.01 लाख, 2019 में 4.04 लाख, 2020 में 6.06 लाख व 2021 में 9.41 लाख, 2022 में 15.76 लाख, 2023में 22.23 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर रिकॉर्ड बना। इस बार 25.12 लाख से अधिक दीप प्रज्जवलित किया गया। योगी सरकार में हर वर्ष बढ़ते दीपों के साथ प्रदेश व देश की समृद्धि बढ़ती गई।
