देश

छत्तीसगढ़ में निजी बस और ट्रक की टक्कर में टीचर और ड्राइवर की मौत, 12 छात्र घायल, 4 गंभीर

मोहला मानपुर जिले के केवट टोला गांव के एक सरकारी स्कूल के छात्र किराए की निजी बस में बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के दौरे पर गए थे। वापसी पर सड़क हादसा हो गया।

Image

छत्तीसगढ़ में बस हादसा

Photo : PTI

Chhattisgarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सोमवार को एक निजी बस और ट्रक के बीच टक्कर में एक शिक्षक और एक चालक की मौत हो गई और टूर से लौट रहे 12 छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर चिकलपुटी गांव के पास हुई। मोहला मानपुर जिले के केवट टोला गांव के एक सरकारी स्कूल के छात्र किराए की निजी बस में बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के दौरे पर गए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, लौटते समय देर रात करीब दो बजे बस एक ट्रक से टकरा गई, जिससे चालक और एक शिक्षक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि 12 छात्र घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया और अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया। साय ने कहा, स्कूली बच्चों को ले जा रही बस की सड़क दुर्घटना में एक शिक्षक और ड्राइवर की मौत की खबर बेहद दुखद है। बस में यात्रा कर रहे कुछ स्कूली बच्चों के घायल होने की भी खबर है, जिनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन ने कहा है उनके लिए बेहतर चिकित्सा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article