Mount Everest: माउंट एवरेस्ट से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी फतह करने के बाद नीचे उतरते समय दो भारतीय पर्वतारोहियों की मौत (Indian climbers death) हो गई। नेपाल अभियान संचालक संघ के महासचिव ऋषि भंडारी ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि की। मृतकों की पहचान अरुण कुमार तिवारी और संदीप अरे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों पर्वतारोही एवरेस्ट की चोटी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे अत्यधिक थकान और खराब मौसम की स्थिति का सामना नहीं कर सके। उनके साथ मौजूद गाइड ने उन्हें सुरक्षित नीचे लाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कठिन परिस्थितियों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
संदीप अरे और अरुण तिवारी की मौत से शोक की लहर
बुधवार को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर की थी चढ़ाई
ऋषि भंडारी ने बताया कि गाइड ने दोनों को बचाने के लिए काफी मेहनत की, लेकिन आखिरकार प्रयास सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि संदीप अरे ने बुधवार को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। वहीं, अरुण कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार शाम करीब 5:30 बजे शिखर पर पहुंचने में सफलता हासिल की थी। हालांकि, नीचे उतरते समय दोनों की तबीयत बिगड़ गई। संदीप अरे की मौत बृहस्पतिवार को हुई, जबकि अरुण कुमार तिवारी की मौत कब हुई, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद पर्वतारोहण जगत में शोक की लहर
अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़ी और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि बुधवार को एवरेस्ट पर चढ़ाई करने वालों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया था। उस दिन कुल 274 पर्वतारोहियों ने 8,848.86 मीटर ऊंची इस चोटी को सफलतापूर्वक फतह किया। इनमें भारत के संदीप अरे के अलावा तुलसी रेड्डी पालपुनूरी और अजय पाल सिंह धालीवाल भी शामिल थे। इसके अगले दिन भारतीय पर्वतारोही लक्ष्मीकांत मंडल ने भी एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई की थी। इस हादसे के बाद पर्वतारोहण जगत में शोक की लहर है। एवरेस्ट पर चढ़ाई को हमेशा से बेहद कठिन और जोखिम भरा माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
