देश

झारखंड के साहिबगंज में दो मालगाड़ियों के बीच टक्कर, लगी भीषण आग, दोनों ड्राइवरों की मौत, 4 घायल

यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। उस समय एक मालगाड़ी पटरी पर खड़ी थी, तभी दूसरी तरफ से आ रही दूसरी मालगाड़ी ने उससे जोरदार टक्कर मार दी।

Image

मालगाड़ियों की टक्कर (फाइल फोटो)

Goods Trains Collided in Sahibganj: साहिबगंज जिला के बरहेट स्थित एनटीपीसी फाटक के पास आज सुबह दो मालगाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। फायर ब्रिगेड के कर्मी रवि ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। उस समय एक मालगाड़ी पटरी पर खड़ी थी, तभी दूसरी तरफ से आ रही दूसरी मालगाड़ी ने उससे जोरदार टक्कर मार दी।

इस टक्कर के कारण इंजन और कोयले से लदी बोगियों में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने का काम अभी भी जारी है। इसके अलावा, दो इंजन पटरी से उतर गए और एक इंजन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

दोनों ड्राइवरों की मौत

झारखंड के साहेबगंज जिले में मंगलवार तड़के दो मालगाड़ियों के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बिजली कंपनी एनटीपीसी द्वारा संचालित दो ट्रेनों के बीच टक्कर बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह के पास सुबह करीब 3 बजे हुई। जिस ट्रैक पर यह दुर्घटना हुई, वह भी एनटीपीसी के स्वामित्व में है और इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से इसके बिजली संयंत्रों में कोयला परिवहन के लिए किया जाता है।

मालगाड़ी और ट्रैक दोनों एनटीपीसी के हैं

साहेबगंज के उप-मंडल पुलिस अधिकारी किशोर तिर्की ने बताया कि दोनों मालगाड़ियों के ड्राइवर आमने-सामने की टक्कर में मारे गए। पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने कहा कि मालगाड़ी और ट्रैक दोनों एनटीपीसी के हैं। इसका भारतीय रेलवे से कोई लेना-देना नहीं है। जिस लाइन पर यह दुर्घटना हुई, वह बिहार के भागलपुर जिले में एनटीपीसी के कहलगांव सुपर थर्मल पावर स्टेशन को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में फरक्का पावर प्लांट से जोड़ती है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article