देश

गिरिबाला की गिरफ्तारी के बाद इन सवालों का भी पता लगाएगी सीबीआई; पूर्व जज साहिबा को रिमांड पर लेने की तैयारी

अभी तक की सीबीआई की जांच में सामने आया है कि गिरिबाला कथित तौर पर सबूत मिटाने और अहम जानकारी छुपाने में शामिल हो सकती हैं। लिहाजा लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई ने में बड़ा एक्शन लेते हुए गिरिबाला को गिरफ्तार किया है।

Image

ट्विशा शर्मा (फाइल फोटो)

भोपाल के बेहद चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज सीबीआई ने बड़ा कदम उठाया है। सीबीआई ने मामले में आरोपी नंबर दो यानी ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को लंबी चली पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले सीबीआई ने भोपाल के बाग मुग़लिया एक्सटेंशन क्षेत्र स्थित उनके आवास पर उनसे पूछताछ की। ट्विशा का अधिवक्ता पति समर्थ सिंह पहले से ही केंद्रीय एजेंसी की हिरासत में है।

अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई दोनों आरोपियों के बयानों के संबंध में आमना-सामना कराकर उनसे हिरासत में पूछताछ करने की योजना बना रही है, ताकि 12 मई को 33 वर्षीय ट्विशा की मौत से संबंधित परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

अभी तक की सीबीआई की जांच में सामने आया है कि गिरिबाला कथित तौर पर सबूत मिटाने और अहम जानकारी छुपाने में शामिल हो सकती हैं। लिहाजा लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई ने में बड़ा एक्शन लेते हुए गिरिबाला को गिरफ्तार किया है। यही दलील कोर्ट में देकर सीबीआई ने गिरिबाला की अग्रिम जमानत को खारिज करवाया था।

गिरिबाला को रिमांड में लेने की तैयारी में सीबीआई

एजेंसी ने मामले में साजिश, सबूतों से छेड़छाड़ और जांच को प्रभावित करने के एंगल पर कार्रवाई तेज कर दी है। फिलहाल CBI गिरिबाला से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसी गिरिबाला को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी,ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें।

आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना

मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। भोपाल पुलिस की FIR, जो अब CBI की FIR का हिस्सा है, उसमें कहा गया है कि ट्विशा और समर्थ की शादी 9 दिसंबर 2025 को हुई थी

इन सवालों के जवाब भी तलाशेगी सीबीआई

इस मामले में दर्ज एफआईआर में ट्विशा शर्मा के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जिनके जवाब भी सीबीआई तलाशेगी। इनमें कुछ मुख्य हैं-

  • शादी के दौरान समर्थ की मां की मांग पर करीब 2 लाख रुपये दहेज के तौर पर दिए गए थे।
  • फरवरी से ट्विशा के ससुराल वालों ने दहेज को लेकर ताने देने और परेशान करना शुरू कर दिया था।
  • उसे बार-बार कहा जाता था कि उसकी शादी में उसके परिवार ने उनकी हैसियत के मुताबिक खर्च नहीं किया।
  • ट्विशा के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को अपने खर्च के लिए पैसे तक नहीं दिए जाते थे, इसलिए उन्हें खुद ऑनलाइन पैसे भेजने पड़ते थे।
  • अप्रैल में ट्विशा गर्भवती हुई थी, लेकिन उसके पति और सास ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। दबाव में आकर मई के पहले हफ्ते में ट्विशा ने गर्भपात कराया।
  • 22 अप्रैल को समर्थ ने ट्विशा, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों को भरोसा दिलाया था कि वह अब उनकी बेटी के साथ मारपीट नहीं करेगा।

उन्होंने बताया कि 12 मई की रात करीब 9:41 बजे ट्विशा ने उनकी पत्नी से व्हाट्सऐप पर बात की थी। उस दौरान पीछे से समर्थ के चिल्लाने की आवाज आ रही थी और अचानक फोन कट गया। इसके बाद करीब 20 मिनट तक परिवार वाले ट्विशा, समर्थ और उसकी मां से संपर्क करने की कोशिश करते रहे। आरोप है कि रात करीब 10:35 बजे ट्विशा की भाभी राशि के पास गिरिबाला का फोन आया,जिसमें कहा गया ,वो अब नहीं रही।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) यानी दहेज मौत, धारा 85 यानी पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता, और धारा 3(5) यानी साझा आपराधिक जिम्मेदारी के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा दहेज निषेध कानून की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।

Anuj Mishra
अनुज मिश्रा author

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं।... और देखें

End of Article