Rajya Sabha Election: तमिलनाडु में थलपति विजय ने सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली कांग्रेस को बड़ा ईनाम दिया है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने राज्यसभा में तमिलनाडु की एक खाली सीट के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया है।
विजय ने कांग्रेस को आवंटित की राज्यसभा सीट (फाइल फोटो)
टीवीके ने एक पत्र जारी कर बताया कि खाली हुई राज्यसभा सीट अपने गठबंधन सहयोगी कांग्रेस को देने का फैसला किया है। गठबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राज्यसभा चुनाव के माध्यम से भरी जाने वाली इस सीट के लिए कांग्रेस को उम्मीदवार उतारने का अवसर दिया जाएगा। कांग्रेस, तमिलनाडु में TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन की प्रमुख सहयोगी पार्टियों में शामिल है।
कांग्रेस ने विजय से की थी डिमांड
कुछ वक्त पहले सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई थी कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने टीवीके नेतृत्व से मुलाकात की है। इस दौरान, कांग्रेस पदाधिकारी ने राज्यसभा सीट की इच्छा जताई थी। दरअसल, कांग्रेस चाहती थी कि इस सीट पर उसके उम्मीदवार को टीवीके अपना समर्थन दें। सनद रहे कि कांग्रेस ने विधानसभा में विजय को बहुमत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। जब विजय को बहुमत के लिए जादुई आंकड़े की जरूरत थी तो सबसे पहले टीवीके को कांग्रेस ने ही अपना समर्थन दिया था। इसके बाद, वाम दलों और अन्य सहयोगियों की मदद से विजय ने तमिलनाडु में सरकार गठित की थी।
किसके इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट?
अन्नाद्रमुक नेता सी वी शनमुगम के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु से राज्यसभा की खाली हुई एक सीट के लिए चुनाव 18 जून को होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में मेलम विधानसभा क्षेत्र से जीत के बाद पूर्व मंत्री शनमुगम ने सात मई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके चलते तमिलनाडु से राज्यसभा की खाली सीट के लिए उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया।
कब तक दाखिल हो सकेंगे नामांकन
सचिवालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 18 जून को होगा।
