मुंबई के सायन-धारावी लिंक रोड, धारावी पर पीएनजीपी कॉलोनी के नेचर पार्क में गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक में आग लग गई। मुंबई फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद है। जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर में लगातार धमाके हो रहे है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कई एलपीजी सिलेंडरों में हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, ट्रक में आग लगने के बाद 15 से 20 एलपीजी सिलेंडरों में धमाका हुआ है। मुंबई फायर ब्रिगेड घटना स्थल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) को सूचना मिलने के साथ ही इस घटना को लेवल-I और फिर 10:07 बजे लेवल-II घोषित कर दिया गया। आग का कारण ट्रक में रखे गैस सिलेंडर बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद फायर ब्रिगेड के अलावा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और 108 एम्बुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन घटना ने इलाके में हलचल मचा दी।
