देश

विधानसभा सत्र के दौरान BJP विधायक पोर्न क्लिप देखते आए नजर, धरे गए तो दी अजब सफाई

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 30, 2023, 10:29 PM IST

इस तरह की यह कोई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले भी विधायकों को सार्वजनिक रूप से पोर्न देखते हुए देखे जाने के बाद शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है।

Image

जादब लाल नाथ (Twitter)

भारतीय जनता पार्टी के विधायक जादब लाल नाथ को त्रिपुरा विधानसभा सत्र के दौरान कथित तौर पर पोर्न देखते हुए पाए गए। बागबासा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक के फोन पर विधानसभा सत्र के दौरान क्लिप चल रही थी। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाद में उन्होंने सफाई दी कि किसी का कॉल आया था, जैसे ही उठाया फोन पर वीडियो चलने लगा।

यह घटना तब हुई जब विधानसभा राज्य के बजट से संबंधित मुद्दों पर चर्चा कर रही थी। स्पीकर और अन्य विधायक बोल रहे थे। इस वीडियो को नाथ के पीछे बैठे किसी व्यक्ति ने कैप्चर किया है, इस वीडियो क्लिप में दिख रहा है कि नाथ उंगली से फोन स्क्रीन को स्क्रॉल कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि भाजपा ने विधायक से स्पष्टीकरण मांगा है और उन्हें तलब किया है। नाथ ने अभी तक आरोपों या वीडियो का जवाब नहीं दिया है। सूत्रों ने कहा कि सत्र समाप्त होने के तुरंत बाद वह विधानसभा परिसर से चले गए।

कर्नाटक विधानसभा में भी हुई थी ऐसी घटना

इस तरह की यह कोई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले भी विधायकों को सार्वजनिक रूप से पोर्न देखते हुए देखे जाने के बाद शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। 2012 में कर्नाटक में भाजपा सरकार में विधानसभा में कार्यवाही के दौरान दो मंत्रियों को कथित तौर पर मोबाइल फोन पर एक अश्लील क्लिप देखते हुए कैमरे में कैद किया गया था। बाद में उन्होंने सफाई दी कि वे जानकारी लेने और रेव पार्टियों के बारे में अधिक जानने के लिए वीडियो देख रहे थे।

चौंकाने वाली घटना में सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सावदी और महिला एवं बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल शामिल पाए गए थे। 2019 में कर्नाटक महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मण सावदी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया और पीएम मोदी और अमित शाह से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी। हाल ही में बिहार के पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लगभग तीन मिनट के लिए टीवी स्क्रीन पर विज्ञापनों की जगह एक पोर्न क्लिप ही चल गई थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article