देश

Tripura Assembly Election 2023: कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी, फिर खिलेगा कमल या मुरझाएगा?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 16, 2023, 08:43 AM IST

Tripura Assembly Election 2023: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आज मतदान हो रहा है। मुख्य मुकाबला बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन और माकपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

Image

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज

Photo : iStock

Tripura Assembly Election 2023 : त्रिपुरा में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान जारी है। मतदान के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में कहा कि त्रिपुरा के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के उत्सव को मजबूत बनाएं। वो विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करता हूं कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। वहीं सीएम माणिक साहा ने कहा कि एक बार फिर राज्य में बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जी किरण कुमार दिनाकरो ने बताया कि 3,337 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शाम 4 बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने 1,100 मतदान केंद्रो को संवेदनशील और 28 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा है। वोटों की गिनती 2 मार्च को होगी।

भारी सुरक्षा बल तैनात

सीईओ ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए 31,000 मतदानकर्मी और केंद्रीय बलों के 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गए हैं। इसके अलावा, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस के 31,000 कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एहतियाती उपायों के तहत राज्य भर में पहले ही निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और यह 17 फरवरी की सुबह छह बजे तक लागू रहेगी। उपद्रवियों को राज्य में प्रवेश करने से रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं को भी सील कर दिया गया है।

बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन, माकपा-कांग्रेस गठबंधन में टक्कर

कुल मिलाकर 13.53 लाख महिलाओं सहित 28.13 लाख मतदाता 259 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें से 20 महिलाएं हैं। चुनाव में मुख्य रूप से बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन, माकपा-कांग्रेस गठबंधन और पूर्वोत्तर राज्य के पूर्व शाही परिवार के वंशज द्वारा गठित एक क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा हैं। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने सबसे अधिक 12 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। चुनाव प्रचार के दौरान, बीजेपी ने पिछले 5 वर्षों में पूर्वोत्तर राज्य में हुए विकास पर प्रकाश डाला, वाम मोर्चा और कांग्रेस ने भाजपा-आईपीएफटी सरकार के कुशासन पर जोर दिया। टिपरा मोथा का चुनावी मुद्दा ग्रेटर टिपरालैंड राज्य की मांग है।

यहां से लड़ रहे हैं प्रमुख चेहरे

राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा टाउन बारडोवली निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक भाजपा के टिकट पर धनपुर से चुनाव लड़ रही हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के राज्य सचिव जितेंद्र चौधरी सबरूम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह वाम-कांग्रेस गठबंधन का चेहरा हैं। टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।

बीजेपी 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने छह सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, एक सीट पर दोस्ताना मुकाबला होगा। माकपा 47 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। टिपरा मोथा ने 42 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। तृणमूल कांग्रेस ने 28 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि 58 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article