देश

Tripura Election: चुनावी समर में बोले यूपी सीएम योगी-'कम्युनिस्टों के साथ मिलकर सुरक्षा में सेंध लगाने आई है कांग्रेस'

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Feb 7, 2023, 08:59 PM IST

CM Yogi in Tripura: त्रिपुरा विधानसभा चुनावी समर में उतरे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, उन्होंने मंगलवार को दो विजय संकल्प रैली व एक रोड शो कर दोबारा कमल खिलाने का आह्वान किया और कांग्रेस पार्टी पर वार किए, कहा कि 'कांग्रेस कम्युनिस्टों के साथ मिलकर सुरक्षा में सेंध लगाने आई है'

Image

योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के कार्य गिनाए और कांग्रेस के घोटाले

Photo : BCCL

Tripura assembly Election 2023: त्रिपुरा विधानसभा के चुनावी समर में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उतर गए। उन्होंने यहां दो विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प रैली (बागबासा, कल्याणपुर-प्रमोदनगर ) व एक विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर विकास कार्यों के बलबूते दूसरी बार त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनाने की अपील की तो कुशासन व घोटाले गिनाकर कम्युनिस्टों और कांग्रेस पर हमलावर रहे। बोले-कांग्रेस का इतिहास देश को ठगने का रहा है। दोनों पार्टियां आपकी सुरक्षा में सेंध लगाने आई हैं। अन्य राज्यों की भांति यूपी के मुखिया योगी आदित्यनाथ को यहां की जनता ने भी सिरमौर बनाकर रखा।

योगी जी आयो रे-योगी जी आयो रे, सबका साथ और सबका विकास आदि के गीतों पर बागबासा में आमजन ने गोरक्षपीठाधीश्वर का जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया। बागबासा में सीएम योगी के साथ त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा भी मौजूद रहे।

डबल इंजन की सरकार ने त्रिपुरा को दिलाई अलग पहचान

बागबासा से भाजपा उम्मीदवार जादब लाल नाथ के पक्ष में योगी आदित्यनाथ ने पहली जनसभा की। कहा कि 5 वर्ष में डबल इंजन की सरकार के कार्यों ने त्रिपुरा को अलग पहचान दिलाई है। पीएम मोदी के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास का वास्तविक रूप त्रिपुरा में धरातल पर दिख रहा है। पीएम आवास योजना में 3 लाख परिवार को आवास, स्वच्छ भारत मिशन में हर गरीब परिवार के पास शौचालय, पीएम उज्ज्वला योजना में हर परिवार के पास फ्री रसोई गैस कनेक्शन, हर घर नल योजना से अधिकतर गांवों में शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ उपलब्ध कराना, आयुष्मान भारत योजना हो या मनरेगा के अंतर्गत मिलने वाला काम। वह बिना भेदभाव सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास को चरितार्थ कर रहा है। कम्युनिस्टों का कुशासन व कांग्रेस मिलकर चुनाव मिलकर लड़ रहे हैं।

'कुशासन को कई गुना बढ़ाने व अराजकता फैलाना के लिए वे फिर से मैदान में हैं'

कांग्रेस ने सुरक्षा का भीषण संकट पैदा किया, वह कम्युनिस्टों के साथ मिलकर सुरक्षा में सेंध लगाने आई है। कांग्रेस ने किसी भी तबके तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचने दिया। जब पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है तो कांग्रेस को बुरा लगता है। राम मंदिर का विरोध करती थी, लेकिन आज राम मंदिर निर्माण कार्य अंतिम चरणों में चल रहा है। कांग्रेस रामसेतु को तोड़कर भगवान राम और साथ ही साथ श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही थी। त्रिपुरा में 5 वर्ष बाद आने का अवसर मिल रहा है तो कह सकता हूं कि पीएम मोदी व सीएम डॉ. मानिक साहा के नेतृत्व में बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच रहा है। कम्युनिस्टों व कांग्रेस ने विभाजन किया। आज जनजातीय समुदाय से जुड़ी बहन देश की राष्ट्रपति बनती हैं। केंद्र सरकार में कैबिनेट में सबसे अधिक मंत्री ओबीसी समुदाय से हैं। वे समाज का प्रतिनिधित्व कर सबका विकास कर रहे हैं।

जनता ने सिखाया सबक, मिट रहा कम्युनिस्ट व कांग्रेस का अस्तित्व

सीएम योगी आदित्यनाथ की दूसरी रैली खोवाई जिले के कल्याणपुर-प्रमोद नगर विधानसभा क्षेत्र में हुई। यहां उन्होंने निवर्तमान विधायक व भाजपा उम्मीदवार पिनाकी दास चौधरी के पक्ष में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि 2018 में भाजपा ने त्रिपुरा की खुशहाली व समग्र विकास के लिए समर्थन मांगा था। 35 वर्षों तक कम्युनिस्ट व कांग्रेस के लोगों ने विकास नहीं होने दिया था, त्रिपुरा में विकास की योजनाओं में डकैती डाली। कांग्रेस व कम्युनिस्ट एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। जनता ने सबक सिखाया तो इनका अस्तित्व मिट रहा है। वे नौजवानों को बेरोजगार, किसानों को बदहाल, मां-बहनों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे थे। योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। असुरक्षा का वातावरण था, लेकिन पहली बार बनी भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ दिया। महिलाओं को नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण देना चमत्कार है। कम्युनिस्टों व कांग्रेस को जहां भी शासन मिला, भावनाओं से खिलवाड़ करते थे। यूपीए शासन ने रोज नया घोटाला देखा होगा।

'कभी टूजी घोटाला, कभी कामनवेल्थ घोटाला, घोटाला कांग्रेस की पहचान बन चुकी थी'

कभी कोयला घोटाला, कभी टूजी घोटाला, कभी कामनवेल्थ घोटाला, घोटाला कांग्रेस की पहचान बन चुकी थी। आज जब नौजवानों को रोजगार मिल रहा है और विकास योजनाएं बढ़ रही हैं, आस्था का सम्मान हो रहा है तो कांग्रेस कम्युनिस्टों के साथ मिलकर साजिश रचना चाहती है। यूपी की काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया तो अयोध्या में राम मंदिर तेजी से बन रहा है। अब पूर्वोत्तर में मंत्री कैंप करते हैं और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराकर पीएम मोदी को रिपोर्ट करते हैं।

त्रिपुरा की सड़कों पर भी गूंजा-योगी जी को 'जय श्री राम'

मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के लिए उत्तर प्रदेश के सीएम ने रोड शो किया और योगी को देखने सड़कों पर हुजूम उमड़ पड़ा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रोड शो भी किया। नगर बारडोवाली सीट से भाजपा उम्मीदवार व मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के लिए वोट की अपील की तो यहां के आम जनमानस ने भी योगी आदित्यनाथ का जय श्री राम से अभिवादन किया। वहीं योगी आदित्यनाथ की झलक पाने को सड़कों पर हुजूम उमड़ा रहा।

जिस तरफ से भी योगी आदित्यनाथ गुजरे, लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सीएम योगी को देख जय श्री राम, हम सबकी माता, भारत माता की गूंज जैसे गगनचुंबी नारे भी लगे। योगी आदित्यनाथ ने अंत में अपने संबोधन में विकास के बलबूते भाजपा को वोट देने की अपील की।

रवि वैश्य
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article