देश

तमिलनाडु की स्टालिन सरकार से दो बड़े मंत्री OUT, सेंथिल बालाजी और पोनमुडी ने दिया इस्तीफा; जानें कारण

तमिलनाडु सरकार में मंत्री सेंथिल बालाजी और पोनमुडी सवालों के घेरे में थे।दोनों के खिलाफ मामले कोर्ट में हैं। बालाजी के खिलाफ ईडी की जांच चल रही है और वो जमानत पर बाहर हैं।

Image

तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी ने दिया इस्तीफा

Photo : PTI

तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को तब उथल-पुथल देखने को मिली, जब स्टालिन सरकार के दो कद्दावर मंत्रियों ने सरकार से इस्तीफा दे दिया है। स्टालिन सरकार में मंत्री सेंथिल बालाजी और पोनमुडी ने मंत्रीपद से इस्तीफा दे दिया है। राजभवन से मिली जानकारी के अनुसार राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राजभवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्यपाल आर एन रवि ने मुख्यमंत्री स्टालिन की मंत्रियों के इस्तीफे को स्वीकार करने की सिफारिश को मंजूरी दे दी है।

क्यों सेंथिल बालाजी और पोनमुडी को देना पड़ा इस्तीफा

ईडी जांच का सामना कर रहे सेंथिल बालाजी को बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने “पद और स्वतंत्रता के बीच” चुनने के लिए कहा था, क्योंकि कोर्ट ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर वह मंत्री पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनकी जमानत रद्द कर दी जाएगी। पोनमुडी ने एक सेक्स वर्कर के संदर्भ में की गई अपनी शैव-वैष्णव टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था, जिसकी व्यापक आलोचना हुई थी, जबकि बाद में मद्रास उच्च न्यायालय ने इस मामले में अपने स्तर पर कार्यवाही शुरू की थी। हालांकि उन्हें पार्टी के एक महत्वपूर्ण पद से हटा दिया गया था, लेकिन विपक्षी दलों और अन्य हलकों से उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग की जा रही थी।

अब किसके जिम्मे बालाजी का मंत्रालय

परिवहन मंत्री एस एस शिवशंकर को बिजली विभाग दिया गया है, जो सेंथिल बालाजी के पास था। इसके अलावा, आवास मंत्री एस मुथुसामी को आबकारी और निषेध विभाग दिया गया है, जो सेंथिल बालाजी के पास ही था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि आर एस राजकन्नप्पन को उनके मौजूदा दूध और डेयरी विकास विभाग के अलावा पोनमुडी का वन एवं खादी विभाग भी दिया गया है।

नए मंत्री की एंट्री

इसके अलावा राज्यपाल ने पद्मनाभपुरम विधायक टी मनो थंगराज को मंत्रिमंडल में शामिल करने की मुख्यमंत्री की सिफारिश को स्वीकार कर लिया है। मंत्रिमंडल में पहले हुए फेरबदल में उन्हें हटा दिया गया था। मंत्री पद के लिए मनोनीत सदस्य का शपथ ग्रहण सोमवार शाम छह बजे होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article