देश

'29 अप्रैल के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाएं जाएंगे', TMC सांसद गोखले ने राज्यसभा में किया बड़ा दावा

Petrol Diesel Price: राज्यसभा में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद ने दावा किया कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के कारण सरकार पेट्रोल एवं डीजल के दामों में वृद्धि नहीं कर रही है तथा 29 अप्रैल के बाद इनके दाम बढ़ाए जाएंगे।

Image

पेट्रोल पंप (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Petrol Diesel Price: राज्यसभा में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद ने दावा किया कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के कारण सरकार पेट्रोल एवं डीजल के दामों में वृद्धि नहीं कर रही है तथा 29 अप्रैल के बाद इनके दाम बढ़ाए जाएंगे। उच्च सदन में चर्चा में भाग लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले ने कहा कि सरकार पेट्रोल एवं डीजल पर उत्पाद शुल्क कम करने के लिए अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने प्रश्न किया कि पिछले चार साल से जब कच्चे तेल के दाम कम थे तो क्या सरकार ने आम उपभोक्ता को उसका लाभ पहुंचाया था?

TMC सांसद ने वित्त मंत्री से पूछा अहम सवाल

उन्होंने वित्त मंत्री से पूछा कि क्या वह इस बात का आश्वासन दे सकती हैं कि कुछ राज्यों में होने वाले चुनाव के बाद डीजल एवं पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे? उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को चुनाव होने के बाद इनके दाम बढ़ा दिए जाएंगे। सनद रहे कि 9 अप्रैल से लेकर 29 अप्रैल तक तमिलनाडु, असम, पुडुचेरी पश्चिम बंगाल एवं केरल विधानसभा चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

गोखले ने कहा कि सरकार एक देश एक चुनाव की बात करती है किंतु बार बार राज्यों में चुनाव होने से आम उपभोक्ता को यह लाभ तो मिलता है कि चुनाव तक सरकार दाम नहीं बढ़ाती। उन्होंने दावा किया कि देश में केवल नौ दिन की कच्चे तेल की आपूर्ति रह गयी है। उन्होंने कहा कि भारत में 74 दिन का तेल रिजर्व रह गया है। तृणमूल सांसद ने केंद्र पर आरोप लगाया कि उसने पश्चिम बंगाल के लोगों का नौ लाख करोड़ रूपये से अधिक धन दबा रखा है तथा राज्य में अघोषित आपातकाल लगा रखा है।

द्रमुक ने भी सरकार पर साधा निशाना

द्रमुक के पी विल्सन ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि यह सरकार 'सबका साथ सबका विकास' के नारे के साथ सत्ता में आयी थी किंतु आज यह बदल कर हो गया है, ''सबका बोझ इनका विकास''। उन्होंने कहा कि यह वित्त विधेयक नारों के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती आय असमानता तथा सरकार की मध्यम एवं कम आय वर्ग के लोगों के प्रति बेपरवाही, चिंता का विषय है। विल्सन ने कहा कि मौजूदा नीतियों के अनुसार दक्षिण के राज्यों से अधिक कर वसूला जाता है किंतु केंद्र की ओर से उत्तर भारत के कई राज्यों को अधिक धन आवंटित किया जाता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article