संसद में सवाल के बदले पैसे के मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करया है। निशिकांत दुबे के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई के खिलाफ भी मानहानि का मामला दर्ज कराया गया है।
शुक्रवार को होगी मामले की सुनवाई
लाइव लॉ के अनुसार निशिकांत दुबे और देहाद्राई ने आरोप लगाया था कि सांसद ने लोकसभा में सवाल पूछने के लिए ''रिश्वत'' ली थी। याचिका आज न्यायमूर्ति सचिन दत्ता की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध थी। कोर्ट ने कहा कि अब वह इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को करेगी। मोइत्रा ने कल दुबे, देहाद्राई और मीडिया घरानों को कानूनी नोटिस भेजा, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार किया। कानूनी नोटिस में कहा गया है कि दुबे ने तत्काल राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में "झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए"।
क्या है आरोप
निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मोइत्रा पर संसद में प्रश्न पूछने के लिए व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी से नकदी और 'उपहार' के रूप में 'रिश्वत' लेने का आरोप लगाया था। दुबे ने केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी लिखा है और जांच की मांग की है। दुबे ने दावा किया था कि वकील जय अनंत देहाद्राई ने उनके और दर्शन हीरानंदानी के बीच "रिश्वत के आदान-प्रदान के अकाट्य सबूत साझा किए थे"। लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में दुबे ने दावा किया कि हाल के समय तक लोकसभा में उनके (मोइत्रा) द्वारा पूछे गए 61 में से 50 प्रश्न अडाणी समूह पर केंद्रित थे और अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद जब अडाणी समूह निशाने पर था, तब अधिक संख्या में सवाल पूछे गए। अडाणी समूह पर तृणमूल कांग्रेस सदस्य अक्सर भ्रष्टाचार का आरोप लगाती रही हैं।
मोइत्रा का कोर्ट से अनुरोध
मोइत्रा ने अदालत में दायर अपनी याचिका में, उन पर लगाये गए आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि संसद में कथित तौर पर पैसे लेकर सवाल पूछने के सिलसिले में दुबे और देहाद्रई द्वारा उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए ये झूठे आरोप गढ़े गये हैं। तृणमूल कांग्रेस सांसद ने उनके खिलाफ इन लोगों से संबद्ध मंचों पर पोस्ट, ट्वीट, री-ट्वीट, कैप्शन सहित कथित अपमानजनक और अशोभनीय सामग्री हटाने का भी प्रतिवादियों को निर्देश देने का अनुरोध किया है।
