देश

ममता दीदी ने बाबुल सुप्रियो सहित इन चेहरों पर जताया भरोसा; राज्यसभा चुनाव के लिए 4 उम्मीदवारों का किया ऐलान

Rajya Sabha Elections: ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने शुक्रवार को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। पार्टी ने बाबुल सुप्रियो सहित चार उम्मीदवारों की घोषणा की है।

Image

TMC ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का किया ऐलान (फाइल फोटो साभार: @SuPriyoBabul)

Photo : Twitter

Rajya Sabha Elections: पश्चिम बंगाल की 5 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने बाबुल सुप्रियो सहित चार उम्मीदवारों की घोषणा की है।

क्या कहता है संख्या बल

पश्चिम बंगाल की 5 राज्यसभा सीटों में से तृणमूल कांग्रेस 4 पर तो भाजपा एक सीट पर आसानी से जीत दर्ज कर सकती है। राज्य विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के हिसाब से भारी बहुमत वाली सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस का 5 में से 4 सीटों पर जीतना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, भाजपा को एक सीट जीतने के लिए 49 वोट ही चाहिए, जबकि विधानसभा में उनके 64-65 विधायक हैं।

TMC ने किस-किस को बनाया उम्मीदवार

तृणमूल कांग्रेस ने बाबुल सुप्रियो (Babul Supriyo), पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी राजीव कुमार (Rajeev Kumar), सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी (Menaka Guruswamy) और अभिनेत्री कोयल मल्लिक (Koel Mallick) को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है।

तृणमूल कांग्रेस ने सभी उम्मीदवारों को बधाई दी। साथ ही पार्टी ने शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि वह तृणमूल कांग्रेस की अटूट दृढ़ता और हर भारतीय के अधिकारों और गरिमा की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करेंगे।

सनद रहे कि राज्यसभा से सुब्रत बख्शी, ऋतब्रत बनर्जी और साकेत गोखले का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जबकि मौसम बेनजीर नूर के इस्तीफे के बाद एक और सीट खाली हो गई, जिन्होंने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता हासिल की थी। दरअसल, खाली हो रही 5 सीटों में से 4 तृणमूल कांग्रेस और एक माकपा के पास थी।

कब होगा राज्यसभा चुनाव

चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को होगा। बता दें कि 16 मार्च दिन सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और शाम को ही चुनावी परिणाम जारी होंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article