ममता बनर्जी से खफा क्यों है कांग्रेस? 'दीदी' से अनबन की पूरी कहानी समझिए

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलEdited by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 22, 2023, 10:23 AM IST

Mamata Banerjee Vs Congress : जिन ममता बनर्जी को आज कांग्रेस मोदी का पार्टनर बता रही है, ये वही ममता बनर्जी है, जिनसे दो तीन साल पहले तक सोनिया गांधी और राहुल गांधी मुलाकात करते थे। कुछ साल पहले तक जब भी ममता बनर्जी राजनैतिक मीटिंग्स और विपक्षी एकता के लिए दिल्ली आती थी तो गांधी परिवार से मिलने जरूर जाती थीं।

Mamata Banerjee Vs Congress : लोकसभा चुनाव 2024 में नरेंद्र मोदी को हराने की प्लानिंग करने वाले विपक्ष में ही भयंकर लड़ाई छिड़ गई है। ममता बनर्जी और राहुल गांधी आपस में क्यों भिड़ गए हैं। और ममता बनर्जी को एक्सपोज करने के चक्कर में राहुल गांधी खुद कैसे एक्सपोज़ हो गए। जब तक राहुल गांधी के खिलाफ ममता बनर्जी नहीं बोल रही थीं तब तक ममता बनर्जी राहुल गांधी और कांग्रेस के लिए बहुत अच्छी थीं। इतनी अच्छी थीं कि खुद सोनिया गांधी और राहुल गांधी ममता बनर्जी को घर बुलाकर मिलते थे। लेकिन जैसे ही ममता बनर्जी राहुल गांधी के खिलाफ बोलने लगीं तो वह कांग्रेस की नजर में मोदी की पार्टनर हो गईं।

राहुल की लीडरशिप पर ममता ने उठाए सवाल

हाल में राहुल गांधी पर ममता बनर्जी ने कुछ बातें कहीं तो वो बातें कांग्रेस को इतनी बुरी लगीं कि कांग्रेस ने ये कह दिया कि ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी के बीच राहुल गांधी की बदनाम करने की डील हुई है। कांग्रेस इस बात से चिढ़ी है कि ममता बनर्जी ने राहुल गांधी की लीडरशिप पर सवाल उठा दिए। ममता बनर्जी ने राहुल गांधी के बारे में दो दिन पहले कहा था कि 'राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी संसद नहीं चलने दे रही, बीजेपी ऐसा अपने फायदे के लिए कर रही है, बीजेपी जानबूझकर राहुल गांधी को हीरो बना रही है, बीजेपी ये इसलिए कर रही है क्योंकि राहुल गांधी अगर नेता बने रहे तो नरेंद्र मोदी को कोई खराब नहीं कहेगा।'

'कांग्रेस सिर्फ राहुल गांधी की इमेज चमकाने में लगी है'

ममता बनर्जी ने इससे आगे ये भी कहा कि 'कांग्रेस सिर्फ राहुल गांधी की इमेज चमकाने में लगी है, उसे मुद्दों से कोई लेना देना नहीं है, बीजेपी भी राहुल गांधी को आगे बढ़ा रही है कांग्रेस बीजेपी के सामने झुक गई है लेकिन TMC ऐसा नहीं करेगी।' अब ममता बनर्जी को कांग्रेस ये कह रही है कि वो बीजेपी से मिली हुई हैं, लेकिन ममता बनर्जी को एक्सपोज करने के चक्कर में खुद राहुल गांधी एक्सपोज हो रहे हैं क्योंकि हर जगह पर वो ये बात कहते हैं कि नरेंद्र मोदी से कोई सवाल नहीं कर सकता। लेकिन जब राहुल गांधी पर सवाल होते हैं, तो कांग्रेस के नेता दूसरों को बिका हुआ बता देते हैं।

ममता से मुलाकात करते थे सोनिया और राहुल

जिन ममता बनर्जी को आज कांग्रेस मोदी का पार्टनर बता रही है, ये वही ममता बनर्जी है, जिनसे दो तीन साल पहले तक सोनिया गांधी और राहुल गांधी मुलाकात करते थे। कुछ साल पहले तक जब भी ममता बनर्जी राजनैतिक मीटिंग्स और विपक्षी एकता के लिए दिल्ली आती थी तो गांधी परिवार से मिलने जरूर जाती थीं। तब राहुल गांधी और कांग्रेस को ये नहीं लगा कि ममता बनर्जी तो नरेंद्र मोदी की टीम से खेल रही हैं। लेकिन अब जैसे ही ममता बनर्जी और उनकी पार्टी ने राहुल गांधी पर सवाल उठा दिए तो ममता बनर्जी पर अटैक होने लगे। उन्हें डिसक्रेडिट किया जाने लगा। और ये राहुल गांधी काफी दिनों से कर रहे हैं। हाल में नॉर्थ ईस्ट के विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि TMC बीजेपी की बी टीम है, बीजेपी की साइलेंट पार्टनर है, उन्होंने जनता से सवाल पूछा कि क्या TMC गोवा में सिर्फ कांग्रेस के वोट काटने के लिए चुनाव लड़ी? क्या ऐसा ही मेघालय में करने की कोशिश है।

कुणाल घोष ने राहुल को नाकाम नेता बताया है

अब फिर से कांग्रेस ममता बनर्जी और टीएमसी को बुरा भला कह रही है क्योंकि संसद में आजकल राहुल गांधी का मामला चल रहा है और ममता बनर्जी राहुल गांधी के मामले में कांग्रेस का साथ देने के लिए तैयार नहीं है। ममता बनर्जी को लगता है कि राहुल गांधी को मुद्दा बनाने से बीजेपी का फायदा है। इसीलिए वो खुद बार- बार और उनकी पार्टी के नेता भी राहुल गांधी पर नाम लेकर अटैक कर रहे हैं। TMC के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने तो राहुल गांधी को नाकाम नेता बता दिया, कुणाल घोष ने कहा कि एक नेता के तौर पर राहुल गांधी बुरी तरह फेल हो गए हैं, वो दो बार बीजेपी को रोकने में नाकाम रहे, इसलिए दूसरी पार्टियां राहुल गांधी को नेता क्यों मानेगी, कुणाल घोष ने ये भी कहा कि कांग्रेस बीजेपी को हराने को लेकर गंभीर नहीं है।

ममता बनर्जी इस बात से डर गईं कि कहीं 2024 का चुनाव भी नरेंद्र मोदी Vs राहुल गांधी ना हो जाए और अगर ऐसा होगा तो फिर वही होगा जो 2014 में हुआ था और जो 2019 में हुआ था।

End of Feed