Amazing Indians Awards 2023 : टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस अवार्ड 2023 की तारीफ करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि इस तरह का कार्यक्रम लोगों को अच्छा करने और उन्हें आपस में जोड़ने के लिए प्रेरित करता है। गोयल ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाना उन्हें और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। जिसे अवार्ड नहीं मिला है इसका मतलब यह नहीं है कि वे योग्य नहीं हैं। वे भी सम्मान पाने वाले विजेताओं के बराबर ही सम्मान एवं आदर के पात्र हैं। गोयल ने कहा कि यहां आकर उनकी पुरानी यादें ताजा हो रही हैं।
टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल।
सभी नॉमनी बधाई के पात्र हैं-गोयल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि इस तरह के अवार्ड में सम्मान मिलना आपको और अच्छा करने के लिए प्रेरित करता है। अलग-अलग क्षेत्रों में यह सम्मान देना बहुत प्रशंसनीय है। ये सारे कार्य अच्छाई की शुरुआत जैसे हैं। इनका आकार और बड़ा होगा। सभी नॉमनी बधाई के पात्र हैं। किसी का योगदान कम नहीं है। गोयल ने कहा कि भारत के विकास यात्रा में जब देशवासी निकल पड़ेंगे तो देश को विकसित होने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक पाएगी। इस तरह का कार्यक्रम सभी को प्रेरित करता है और लोगों को आपस में जोड़ता है। इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए वह टाइम्स ग्रुप का धन्यवाद करते हैं।
'इस मंच पर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं'
इससे पहले केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि आज इस मंच पर वह खड़ी होकर गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। अमेजिंग इंडियंस अवॉर्ड के तहत उन आम लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी इच्छा शक्ति से विपरीत परिस्थितियों में लोगों को नई दिशा दी है।
स्मृति ईरानी बोलीं, 'भारत अकेला नहीं, सबके साथ चलता है'
स्मृति ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि 'प्रसून जी ने अपने शायराना अंदाज में कहा कि नए पथ, नए मुकाम तलाशे जा रहे हैं। मुझे लगता है आज इसरो का जिस प्रकार से सम्मान हुआ वो इस बात का संकेत हैं कि संकल्प भी है, मंजिल भी हम ढूंढ चुके हैं, पथ भी प्रदर्शित हो चुका है, फर्क ये है कि हिंदुस्तान इन पथों पर अकेला नहीं चलता, सब साथ चलते हैं।' स्मृति ईरानी ने इस मौके पर भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की भी उनके कार्यों के लिए सराहना की।
