देश

बालाघाट में भीषण सड़क हादसा: पूजा से लौट रहे परिवार की कार में लगी आग; जिंदा जल गए दादा-बहू और चार साल का पोता

मध्यप्रदेश के बालाघाट में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की कार में जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में एक चार साल का बच्चा भी है। ये हादसा बैहर-मालाजखंड मार्ग पर हुआ।

Image

कार में जिंदा जल गए एक ही परिवार के तीन लोग (फोटो- AI)

मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक कार में आग लगने से उसके अंदर तीन लोग जिंदा जल गए। यह दुर्घटना शनिवार देर रात बैहर-मालाजखंड मार्ग पर केलवारी चौराहे के पास हुई। बैहर थाना प्रभारी (एसएचओ) जयंत मस्कोले ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में गिर गई थी जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार एक बच्चे सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि उनके दो रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गए।

उन्होंने बताया कि जिन तीन लोगों की जलकर मौत हो गई उनमें नगारची केलकर (65), उनकी बहू सविता केलकर (32) और पोते अभि केलकर (4) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में सीतम केलकर (35) और उनकी मां नानाबाई केलकर (60) गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें गोंदिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयंत मस्कोले ने कहा कि गनीमत रही कि परिवार के एक पड़ोसी की बेटी पूर्वी रहांगडाले (8) इस हादसे में बाल-बाल बच गई।

मस्कोले ने बताया कि सभी पीड़ित स्थानीय थे और सभी छह लोग पूजा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि गाड़ी सीरम केलकर चला रहे थे और कार अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में गिर गई। जिसके कारण गाड़ी में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।

एसएचओ ने कहा कि कुछ राहगीरों ने दुर्घटना को देखा और जलती हुई कार की खिड़की के शीशे तोड़कर उसमें सवार तीन लोगों को बचा लिया। उन्होंने कहा कि हालांकि, वे तीन लोगों को बचा नहीं सके क्योंकि आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकलकर्मियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!