देश

औरंगजेब का महिमामंडन और तारीफ करने वाले देशद्रोही, बोले डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे

एकनाथ शिंदे ने शिवाजी की प्रतिमा के अनावरण समारोह में कहा कि शिवाजी महाराज न केवल हिंदुत्व और भारतीय गौरव के प्रतीक थे, बल्कि वह लोकतंत्र के आविष्कारक भी थे।

Image

एकनाथ शिंदे

Photo : PTI

Eknath Shinde: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि जो लोग अब भी औरंगजेब की प्रशंसा कर रहे हैं, वे देशद्रोही हैं। उन्होंने कहा कि मुगल बादशाह ने राज्य पर कब्जा करने की कोशिश की थी और लोगों पर अनेक अत्याचार किए थे। शिंदे ने कहा कि दूसरी ओर, मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज एक दैवीय शक्ति थे, जो वीरता, बलिदान और हिंदुत्व की भावना के लिए डटे रहे। शिंदे ने सोमवार रात शिव जयंती के अवसर पर ठाणे जिले के डोंबिवली क्षेत्र के घरदा चौक पर शिवाजी महाराज की अश्वावारोही प्रतिमा का अनावरण करने के अवसर पर यह बात कही।

छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित

छत्रपति शिवाजी महाराज की यह प्रतिमा उनकी विरासत, उनके साहस और नेतृत्व क्षमता के सम्मान में स्थापित की गई है। शिवसेना प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे समय आई जब राज्य के छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की क्रब को हटाने की कुछ दक्षिणपंथी संगठनों की मांग को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस बीच, सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे मध्य नागपुर के चिटनिस पार्क इलाके में दक्षिणपंथी संगठन द्वारा औरंगजेब के खिलाफ किए गए प्रदर्शन के बाद हिंसा भड़क उठी। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया जिससे छह आम नागरिक और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

कहा- लोकतंत्र के आविष्कारक भी थे शिवाजी महाराज

शिंदे ने शिवाजी की प्रतिमा के अनावरण समारोह में कहा कि शिवाजी महाराज न केवल हिंदुत्व और भारतीय गौरव के प्रतीक थे, बल्कि वह लोकतंत्र के आविष्कारक भी थे। शिवसेना नेता ने महाराष्ट्र के खिलाफ औरंगजेब के अत्याचारों, विशेषकर शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज की हत्या की भी निंदा की। उपमुख्यमंत्री ने कहा, औरंगजेब महाराष्ट्र पर कब्जा करने आया था, लेकिन उसे शिवाजी महाराज की दिव्य शक्ति का सामना करना पड़ा। जो लोग आज भी औरंगजेब का गुणगान करते हैं, वे देशद्रोही के अलावा और कुछ नहीं हैं।

अखंड भारत का गौरव और हिंदुत्व की हुंकार

उन्होंने कहा, शिव छत्रपति अखंड भारत का गौरव और हिंदुत्व की हुंकार हैं। शिवाजी महाराज एक दूरदर्शी नेता, युगपुरुष, न्याय के प्रवर्तक और आम लोगों के राजा थे। उपमुख्यमंत्री ने लोगों से शिवाजी महाराज के कम से कम एक गुण को अपने जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यही महान मराठा शासक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा महाराष्ट्र के गौरवशाली इतिहास की निरंतर याद दिलाती रहेगी तथा युवाओं और भावी पीढ़ियों को शिवाजी महाराज की वीरता और उनके शासन के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। शिंदे ने कहा कि घरदा चौक अब छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के नाम से जाना जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article