भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए तैयार हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से चल रहा तनाव आखिरकार खत्म हो गया है। दोनों देशों के पॉलिटिकल लीडर्स में सीजफायर पर सहमति बन गई है और इसकी घोषणा भी कर दी गई है। इधर भारतीय सेना ने आज यानी शनिवार 10 मई की शाम एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
भारतीय सेना देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान सेना की तरफ से कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने साफ किया कि भारतीय सेनाएं देश की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
सेना ने कहा कि पीछले तीन दिनों में भारत ने पाकिस्तान की रक्षात्मक और आक्रामक क्षमता को ध्वस्त कर दिया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान की तरफ से किए जाने वाले किसी भी तरह के दुस्साहस का पूरी क्षमता के साथ करारा जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया है। उनके लैंड असेट्स और एयर असेट्स को भारी नुकसान पहुंचा है। दोनों सैन्य अधिकारियों ने हिंदी और अंग्रेजी में बारी-बारी से बताया कि पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम और रडार सिस्टम को भारतीय सेना ने धता बता दिया।
बता दें कि पहलगामें 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने धर्म पूछकर पर्यटकों को गोली मारी थी। इसके बाद से देश में लगातार गुस्सा व्याप्त था। हर तरफ से पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग उठ रही थी। भारत ने 6-7 मई की रात पाकिस्तान और PoK में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक किया।
भारत की इस कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात भारत पर सैकड़ों ड्रोन से हमला बोल दिया। भारत ने पाकिस्तान की तरफ से आने वाले सभी ड्रोन को मार गिराया और जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर हमला बोला। इसी तरह से पाकिस्तान ने 8-9 मई की रात भी भारत के खिलाफ ड्रोन और मिसाइल से हमला किया, जिन्हें भारत ने न सिर्फ नाकाम किया, बल्कि पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया।
