देश

जिस जज ने राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने से किया था इनकार, उनका हो गया गुजरात से पटना ट्रांसफर; कॉलेजियम ने की सिफारिश

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Aug 11, 2023, 01:05 PM IST

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने "बेहतर न्याय प्रशासन" का हवाला देते हुए उच्च न्यायालय के कई न्यायाधीशों के तबादलों की सिफारिश की है। इसी लिस्ट में गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश हेमंत एम प्रच्छक का नाम भी शामिल है। प्रच्छक का तबादला पटना हाई कोर्ट में किया जाएगा।

Image

राहुल गांधी की सजा पर रोक नहीं लगाने वाले जज का हुआ ट्रांसफर (फोटो- rahulgandhi)

गुजरात हाईकोर्ट के उस जज को कॉलेजियम ने ट्रांसफर करने की सिफारिश की है, जिन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। राहुल गांधी को मोदी सरनमे मानहानि मामले में ट्रायल कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई थी, जिस पर रोक लगवाने के लिए राहुल गांधी हाईकोर्ट पहुंचे थे, जहां इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति हेमंत एम प्रच्छक ने की थी। उन्होंने राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

पटना हाईकोर्ट में ट्रांसफर

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने "बेहतर न्याय प्रशासन" का हवाला देते हुए उच्च न्यायालय के कई न्यायाधीशों के तबादलों की सिफारिश की है। इसी लिस्ट में गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश हेमंत एम प्रच्छक का नाम भी शामिल है। प्रच्छक का तबादला पटना हाई कोर्ट में किया जाएगा।

3 और जज लिस्ट में शामिल

कॉलेजियम ने गुजरात उच्च न्यायालय से तीन अन्य न्यायाधीशों के तबादले की भी सिफारिश की, जिनमें न्यायमूर्ति गीता गोपी शामिल हैं, जिन्होंने मानहानि मामले में दोषसिद्धि के खिलाफ राहुल गांधी की अपील पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। एक और नाम इसमें शामिल है- न्यायमूर्ति समीर दवे, जिन्होंने तीस्ता सीतलवाड की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। न्यायमूर्ति दवे को राजस्थान उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जाएगा जबकि न्यायमूर्ति गीता गोपी को मद्रास उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जाएगा। गुजरात HC के एक अन्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति अल्पेश वाई कोग्जे को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जाएगा।

और कई जजों का ट्रांसफर

इनके अलावा, कॉलेजियम ने इलाहाबाद, गुजरात और पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालयों से न्यायाधीशों के ट्रांसफर की भी सिफारिश की। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय से, न्यायमूर्ति एएस सांगवान, अवनीश झिंगन, आरएम सिंह और अरुण मोंगा को क्रमशः इलाहाबाद, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित किया जाएगा। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश वीके सिंह को मद्रास उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जाएगा।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article