देश

17 सितंबर को नीलाम किए जाएंगे पीएम मोदी को मिले तोहफे, धनराशि राष्ट्रीय गंगा कोष में की जाएगी दान

PM Modi Gifts Auction: नीलामी के लिए रखी जानी वाली इन वस्तुओं का कुल आधार मूल्य लगभग डेढ़ करोड़ रुपये होगा। प्रधानमंत्री मोदी को पिछले एक साल में तोहफे में मिली करीब 600 वस्तुएं नीलाम की जाएंगी।

Image

पीएम मोदी को मिले गिफ्ट की होगी नीलामी

KEY HIGHLIGHTS
  • प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से नीलामी शुरू
  • दो अक्टूबर तक चलेगी नीलामी
  • 600 उपहारों की होगी नीलामी

PM Modi Gifts Auction: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों की नीलामी की तैयारी की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी को मिले गिफ्ट्स की 17 सितंबर को नीलामी के लिए रखा जाएगा। इससे मिले पैसों को राष्ट्रीय गंगा कोष में दान कर दिया जाएगा। नीलामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुरू होगी और दो अक्टूबर को समाप्त होगी।

गिफ्ट की कीमत कौन करता है तय

पैरालंपिक पदक विजेताओं के जूते और अन्य वस्तुओं से लेकर राम मंदिर की प्रतिकृति और चांदी की एक वीणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले उन तोहफों और स्मृति चिह्नों में शामिल है, जिनकी जल्द नीलामी की जाएगी। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को बताया कि नीलामी के लिए रखी जानी वाली इन वस्तुओं का कुल आधार मूल्य लगभग डेढ़ करोड़ रुपये होगा। शेखावत ने यहां नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में, प्रधानमंत्री को मिले स्मृति चिह्न का प्रदर्शन करने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बाद में उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इन उपहारों की नीलामी के लिए आधार मूल्य एक सरकारी समिति तय करती है और कीमतें न्यूनतम 600 रुपये से लेकर अधिकतम 8.26 लाख रुपये तक होती हैं।

गंगा की सफाई में पैसे का इस्तेमाल

संस्कृति मंत्री ने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री ने उन्हें मिलने वाले सभी तोहफों और स्मृति चिह्न की नीलामी की नयी संस्कृति शुरू की है। मुख्यमंत्री के तौर पर भी वह ऐसा करते थे। प्रधानमंत्री को जो उपहार मिलते हैं, उन्हें नीलामी के माध्यम से लोगों को वापस दे दिया जाता है और नीलामी से अर्जित धन का इस्तेमाल एक नेक कार्य ‘गंगा की सफाई’ के लिए किया जाता है।”

कितने तोहफों की नीलामी

इस बार प्रधानमंत्री मोदी को पिछले एक साल में तोहफे में मिली करीब 600 वस्तुएं नीलाम की जाएंगी। जिन वस्तुओं का आधार मूल्य सबसे ज्यादा रखा गया है, उनमें पैरालिंपिक कांस्य पदक विजेता नित्या श्री सिवन और सुकांत कदम के बैडमिंटन रैकेट के अलावा रजत पदक विजेता योगेश खातुनिया का ‘डिस्कस’ शामिल है। इनका आधार मूल्य 5.50 लाख रुपये के आसपास तय किया गया है। पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता अजीत सिंह और सिमरन शर्मा तथा रजत पदक विजेता निशाद कुमार द्वारा भेंट किए गए जूतों के अलावा रजत पदक विजेता शरद कुमार की हस्ताक्षरित टोपी का आधार मूल्य 2.86 लाख रुपये के आसपास रखा गया है। राम मंदिर की एक प्रतिकृति जिसकी कीमत 5.50 लाख रुपये है, मोर की एक मूर्ति जिसकी कीमत 3.30 लाख रुपये है, राम दरबार की एक मूर्ति जिसकी कीमत 2.76 लाख रुपये है और चांदी की वीणा जिसकी कीमत 1.65 लाख रुपये है, उच्च आधार मूल्य वाली अन्य वस्तुओं में शामिल हैं। सबसे कम आधार मूल्य वाले उपहार में सूती अंगवस्त्रम, टोपी और शॉल शामिल हैं, जिनकी कीमत 600 रुपये रखी गई है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!