देश

दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने तक मुझे जेल में रखने की साजिश हुई नाकाम, BJP पर बरसे मनीष सिसोदिया

पटपड़गंज के वेस्ट विनोद नगर इलाके में सिसोदिया ने लोगों से मुलाकात की तो आप कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए, मनीष सिसोदिया आ गए, केजरीवाल जी आएंगे।

Image

मनीष सिसोदिया

Photo : PTI

Manish Sisodia Padyatra: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने शनिवार को अपने पदयात्रा अभियान के तहत पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की और कहा कि भगवान हनुमान के आशीर्वाद से दिल्ली विधानसभा चुनाव तक उन्हें जेल में रखने की भारतीय जनता पार्टी की साजिश विफल हो गई। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने किसी भी पार्टी नेता का नाम लिये बिना कहा कि केंद्र सरकार की एजेंसियों ने उनके और केजरीवाल के खिलाफ ऐसे मुकदमे दर्ज किए हैं, जो आतंकवादियों व मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ दर्ज किए जाते हैं।

मुझे फर्जी मामलों में जेल में रखने की कोशिश की गई

सिसोदिया ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं 17 महीने बाद पटपड़गंज के अपने भाइयों और बहनों के बीच आया हूं। उन्होंने (भाजपा ने) मुझे दिल्ली विधानसभा चुनाव तक किसी भी तरह फर्जी मामलों में जेल में रखने की कोशिश की, लेकिन बजरंगबली और राम जी के आशीर्वाद के कारण उनकी सभी साजिशें विफल हो गईं। उन्होंने कहा कि आप संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे।

इस दौरान लोगों ने सिसोदिया का माला पहनाकर स्वागत किया और कुछ महिलाओं ने उन्हें राखी भी बांधी। सिसोदिया ने उनका हालचाल जाना और कहा कि अगर उन्हें कोई परेशानी हो तो वे उनसे संपर्क करें। पटपड़गंज के वेस्ट विनोद नगर इलाके में सिसोदिया ने लोगों से मुलाकात की तो आप कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए, मनीष सिसोदिया आ गए, केजरीवाल जी आएंगे।

सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह आबकारी नीति से जुड़े मामले में सिसोदिया को जमानत दी थी। सिसोदिया ने एक्स पर लिखा, देश में जारी तानाशाही के खिलाफ सबसे कठिन लड़ाई लड़ने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री, मेरे प्रिय मित्र और राजनीतिक गुरु अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं। हमें गर्व है कि हम एक ऐसे देशभक्त और क्रांतिकारी नेता के सिपाही हैं जिन्होंने तानाशाह के सामने घुटने टेकने के बजाय जेल जाना चुना। अरविंद केजरीवाल के रूप में आज देश का लोकतंत्र जेल में कैद है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article