Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। सुरक्षाबलों ने घाटी में बड़ा तलाशी अभियान चलाया जिसमें भारी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। भारतीय सेना और एसओजी (कैंप माछिल) ने खुफिया जानकारी के आधार पर सेदोरी नाला मुश्ताकाबाद माछिल के जंगलों में एक ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया।
ऑपरेशन के दौरान एक आतंकवादी ठिकानों का भंड़ाफोड़ किया गया। साइट से हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया जिसमें पांच एके-47 राइफलें, आठ एके-47 मैगजीन, एक पिस्तौल मैगजीन के साथ, एके-47 गोला-बारूद के 660 राउंड, एक पिस्तौल राउंड और एम4 गोला-बारूद के 50 राउंड शामिल हैं।
आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत
मंगलवार, 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पर्यटन केंद्र पहलगाम के निकट बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें 26 लोग मारे गए। इनमें अधिकतर पर्यटक थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने उत्तरी कश्मीर जिले के सेदोरी नाला, मुश्ताकाबाद माछिल के वन क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।
बांदीपोरा में दो जवान घायल
बांदीपोरा जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के दो जवान घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया था कि सुरक्षा बलों ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बांदीपोरा जिले के कुलनार बाजीपोरा इलाके में घेराबंदी एवं तलाश अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया था कि वहां छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया था कि आतंकवादियों की गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
