देश

India vs New Zealand सेमीफाइनल में देंगे बड़ी घटना को अंजाम, क्रिकेट वर्ल्ड के मैच से पहले मुंबई पुलिस को मिली धमकी

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Nov 15, 2023, 04:17 PM IST

Terror Threat In India vs New Zealand semi-final: मुंबई वानखेड़े स्टेडियम में भारत बनाम न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल मैच के दौरान आतंकी हमले की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल मैच में आतंकी धमकी

Photo : AP

Terror Threat In India vs New Zealand semi-final: मुंबई वानखेड़े स्टेडियम में एक बड़ी घटना को भारत बनाम न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल मैच के दौरान अंजाम दिया जाएगा। ऐसी धमकी ट्विटर के माध्यम से मुंबई पुलिस को दी गई है। धमकी देने वाले शख्स ने मुंबई पुलिस को ट्विटर पर टैग किया जिसमे एक फोटो में गन, हॅड ग्रेनेड और गोलियों वाला फोटो है। इस धमकी भरे मैसेज के बाद मुंबई पुलिस ने वानखेड़े स्टेडियम के बाहर अपनी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया है। जिसमें स्टेडियम के अंदर जाने वाले सभी लोगों की जांच सख्ती से की जाएगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व कप का पहला सेमीफाइनल आज वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है।

उधर भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व कप सेमीफाइनल के टिकटों की कालाबाजारी के एक मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसके पास एक लाख 20 हजार रुपए के दो मानार्थ टिकट पाये गए हैं। जेजे मार्ग पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों ने दो टिकट बरामद किये हैं जो 1.2 लाख रुपए के मानार्थ टिकट थे और वीआईपी या विशेष अतिथि के लिए थे। इससे पहले पुलिस ने एक इवेंट आयोजक आकाश कोठारी को विश्व कप सेमीफाइनल के टिकटों की कथित कालाबाजारी के लिए गिरफ्तार किया।

लीग चरण में लगातार 9 मैच जीत चुकी टीम इंडिया आत्मविश्वास से ओतप्रोत है लेकिन अब नॉकआउट चरण में पिछला प्रदर्शन मायने नहीं रखता और बुधवार को विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। मैनचेस्टर में 2019 विश्व कप में इसी टीम से मिली हार अभी भी भारतीय टीम के जेहन में ताजा होगी। न्यूजीलैंड ने 2021 आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में भी भारत को हराया था।

इस बार भारतीय टीम का प्रदर्शन इतना जबर्दस्त रहा है कि खिताब का इंतजार खत्म होने की उम्मीद बंधी है। रोहित शर्मा की टीम को बखूबी पता है कि वानखेड़े स्टेडियम पर कोई भी चूक करोड़ों प्रशंसकों के दिल तोड़ देगी। इसी वानखेड़े स्टेडियम पर 2011 में भारत ने 28 साल बाद वनडे विश्व कप जीता था।

अपेक्षाओं के भारी दबाव पर भारत को खरा उतरना होगा। कप्तान रोहित और कोच राहुल द्रविड़ को पता है कि अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाने पर क्या होता है। उन्हें हालांकि अपने खिलाड़ियों में से नाकामी का भय निकालकर उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये प्रेरित करना होगा। भारतीय क्रिकेटप्रेमी दुआ करेंगे कि रोहित टॉस जीते और सही फैसला ले। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम फ्लडलाइट में जल्दी विकेट गंवाती आई है क्योंकि नयी गेंद को जबरदस्त स्विंग मिलता है। भारत और न्यूजीलैंड के गेंदबाज नयी गेंद से खतरनाक साबित हो सकते हैं । ऐसे में भारत के सलामी बल्लेबाजों रोहित और शुभमन गिल पर बहुत कुछ निर्भर करेगा।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article