Telangana Minimum Wage: तेलंगाना सरकार ने राज्य के मजदूरों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (Revanth Reddy) ने कहा कि इस फैसले से राज्य के करीब 1 करोड़ 11 लाख श्रमिकों (Telangana Workers Salary) को फायदा मिलेगा। नई मजदूरी दरें 1 जून 2026 से लागू होंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने मजदूरों को चार अलग-अलग वर्गों में बांटा है। इनमें अकुशल (Unskilled), अर्धकुशल (Semi-skilled), कुशल (Skilled) और अत्यधिक कुशल (Highly Skilled) श्रमिक शामिल हैं। हर वर्ग के लिए न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की गई है ताकि मजदूरों को बेहतर आर्थिक सहायता मिल सके।
1 जून 2026 से लागू होंगी नई वेतन दरें
सरकार ने राज्य को तीन जोन में बांटा
सरकार के फैसले के अनुसार, अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 12,750 रुपये से बढ़ाकर 16,000 रुपये कर दी गई है। वहीं अर्धकुशल श्रमिकों का वेतन 13,152 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये किया गया है। कुशल श्रमिकों को अब 18,500 रुपये मिलेंगे, जो पहले 13,772 रुपये थे। इसके अलावा अत्यधिक कुशल श्रमिकों की मजदूरी 14,607 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार की लापरवाही के कारण मजदूरों को लंबे समय तक नुकसान उठाना पड़ा। इसी वजह से वर्तमान सरकार ने इस मुद्दे पर गंभीरता से काम किया।
सरकार ने उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क (Mallu Bhatti Vikramarka) की अध्यक्षता में एक कैबिनेट सब-कमेटी बनाई, जिसने कई बैठकों और चर्चा के बाद यह फैसला तैयार किया। सरकार ने मजदूरी तय करने के लिए राज्य को तीन अलग-अलग जोन में भी बांटा है। नगर निगम क्षेत्रों को जोन-1, नगरपालिकाओं को जोन-2 और ग्रामीण इलाकों को जोन-3 में रखा गया है। सरकार का कहना है कि इससे अलग-अलग क्षेत्रों के मजदूरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर फैसले लिए जा सकेंगे। तेलंगाना सरकार के इस फैसले को मजदूरों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
