देश

राहुल की न्याय यात्रा को आज मिलेगा तेजस्वी का साथ, बिहार में बनेंगे नए सियासी समीकरण!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 16, 2024, 06:57 AM IST

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत बिहार में हैं। जानकारी के मुताबिक, आज तेजस्वी यादव कैमूर जिले में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे। इसके बाद यह यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।

Image

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे तेजस्वी यादव

Photo : ANI

Tejashwi Yadav To join Bharat Jodo Nyay Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन से अलग होने और सत्ता परिवर्तन के बाद बिहार में नए सियासी समीकरण बन रहे हैं। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत बिहार में हैं। खबर है कि इस यात्रा में आज बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। भले ही राजद और कांग्रेस के बीच बिहार में गठबंधन है। इसके बावजूद इंडिया गठबंधन के नजरिए से तेजस्वी का राहुल के साथ मंच साझा करने के कई मायने हैं।

दरअसल, यह पहली बार होगा जब राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इंडिया ब्लॉक से नाता तोड़ने के बाद राजद नेता बिहार में गांधी के साथ मंच साझा करते नजर आएंगे। जानकारी के मुताबिक, तेजस्वी यादव कैमूर जिले में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे। राहुल गांधी कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के धनेछा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के लिए निकल जाएंगे।

नीतीश के अलग होने के बाद बिहार पहुंची है न्याय यात्रा

कांग्रेस की न्याय यात्रा बिहार में तब पहुंची जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन से अलग हो गए हैं। जबकि, केंद्र में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन में वे सबसे आगे थे। नीतीश कुमार ने महागठबंधन को त्याग दिया और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ फिर से हाथ मिलाया। हालांकि, इसके बाद तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा था कि तानाशाह को बिहार में रोकने का काम अब आपका भतीजा करेगा, जो झंडा आपने उठाया था उसे अब तेजस्वी यादव लेकर चलेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि तेजस्वी का राहुल के साथ मंच साझा करना आगामी चुनाव में नए रंग खिला सकता है।

उत्तर प्रदेश में प्रियंका भी होंगी न्याय यात्रा में शामिल

बिहार के बाद आज शाम ही राहुल गांधी की न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगी। वह उत्तर प्रदेश के चंदौली में अपने भाई के साथ शामिल होंगी। बता दें, पूर्व-पश्चिम मणिपुर-मुंबई यात्रा 15 राज्यों से होकर 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article