Tamil Nadu News: तमिलनाडु सरकार ने राज्य में ऑटो-रिक्शा के किराए में आधिकारिक तौर पर संशोधन कर दिया है। लंबे समय से चली आ रही मांग और बैठकों के बाद सरकार ने नई किराया दरों की घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि राज्य में पूरे 13 साल बाद ऑटो किराए में आधिकारिक बढ़ोतरी की गई है (इससे पहले साल 2013 में दरें तय की गई थीं)।
तमिलनाडु में ऑटो किराया बढ़ा (File photo)
कितना है नया किराया?
सरकार द्वारा तय की गई नई दरों के अनुसार, शुरुआती 1.8 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया 50 रुपये तय किया गया है जो पहले 25 रुपये था। पहले 1.8 किमी के बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 25 रुपये का भुगतान करना होगा (जो पहले 12 रुपये प्रति किमी था)।
संशोधित नियमों के तहत विभिन्न परिस्थितियों के लिए निम्नलिखित शुल्क तय किए गए हैं।
- रात 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच यात्रा करने पर सामान्य किराए का 1.5 गुना (डेढ़ गुना) चार्ज लिया जाएगा।
- यात्रा के दौरान प्रतीक्षा करने पर 1 रुपये प्रति मिनट की दर से शुल्क लगेगा।
- पहाड़ी या घाट वाले क्षेत्रों के लिए न्यूनतम किराया बेस फेयर का 1.2 गुना (यानी 60 रुपये बेस फेयर और अतिरिक्त किमी के लिए 30 रुपये) तय किया गया है।
लंबे समय से थी मांग
ऑटो यूनियनों और चालकों लगातार बढ़ रही ईंधन की कीमतें (पेट्रोल/सीएनजी), वाहन रखरखाव और बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस साल उपभोक्ता संगठनों, ऑटो यूनियनों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच कई दौर की त्रिपक्षीय बैठकें और सार्वजनिक परामर्श आयोजित किए गए, जिसके बाद सरकार ने सभी पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए अंततः यह संतुलित ढांचा तैयार किया है।
हालांकि कानूनी रूप से पुराना किराया लागू था, लेकिन व्यावहारिक रूप से यात्री पहले से ही बढ़ी हुई दरों या मोलभाव के जरिए भुगतान कर रहे थे। इस नए संशोधन से यात्रियों और चालकों के बीच किराए को लेकर होने वाले विवादों में कमी आने की उम्मीद है।
