देश

स्टालिन ने इंडिया गठबंधन को दिया जीत का मंत्र, कहा- BJP को रोकना होना चाहिए सबका लक्ष्य

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2024, 09:05 AM IST

MK Stalin: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा, भाजपा मेयर स्तर का चुनाव भी रद्द कर सकती है, तो इंडिया गठबंधन के नेताओं को भाजपा के डर को महसूस करना चाहिए। हमें इसका उपयोग करना होगा।

Image

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन

Photo : ANI

MK Stalin: बिहार में मची सियासी उथलपुथल और नीतीश कुमार के एनडीए में जाने की खबरों के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने INDIA गठबंधन से एकजुटता की अपील की है। उन्होंने कहा, सबका एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि बीजेपी को दोबारा सत्ता में नहीं आने देना है। तिरुचिरापल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं से कहा, भाजपा के खिलाफ वोट विभाजित नहीं होने चाहिए।

स्टालिन ने कहा, अगर बीजेपी दोबारा सत्ता में आती है, तो देश में कोई लोकतंत्र और संघवाद नहीं रहेगा। स्टालिन ने यहां 'लोकतंत्र की जीत' विषयक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य में लिखे जाने वाले इतिहास के पन्नों में यह दर्ज होना चाहिए कि इंडिया गठबंधन बना था और उसने केंद्र की सत्ता हासिल की। उन्होंने कहा, यह इतिहास होना चाहिए।

चंडीगढ़ मेयर चुनाव का दिया उदाहरण

इस दौरान स्टालिन ने चंडीगढ़ में होने वाले मेयर चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, इंडिया गठबंधन के नेताओं को महसूस करना चाहिए कि चंडीगढ़ में मेयर चुनाव के स्तर पर विपक्षी गठबंधन की जीत की संभावना से ही भाजपा घबरा गई थी और विभिन्न घटकों के बीच एकता केंद्र की सत्ता से भाजपा को हटा देगी। उन्होंने चंडीगढ़ के मेयर का चुनाव स्थगित होने और वहां आम आदमी पार्टी (आप) एवं कांग्रेस के बीच गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने मेयर स्तर का चुनाव भी रद्द कर दिया, क्योंकि विपक्ष की जीत के लिए माहौल तैयार था। उन्होंने कहा कि मीडिया ने निकाय चुनाव को इंडिया गठबंधन की होने वाली पहली जीत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, जब वे मेयर स्तर का चुनाव भी रद्द कर सकते हैं, तो इंडिया गठबंधन के नेताओं को भाजपा के डर को महसूस करना चाहिए। हमें इसका उपयोग करना होगा। हमें इस अवसर का फायदा उठाना होगा। अगर हम एकजुट रहेंगे, तो भाजपा हार जाएगी। लोकतंत्र की जीत होगी और समय भी यह कहेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article