I-PAC ED Raid: पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा ने ईडी की छापेमारी में कथित दखलअंदाजी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए विरोध प्रदर्शन को जनता की रैली करार दिया। उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि मुख्यमंत्री ममता, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार और कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा को जेल भेजा जाए।
ममता बनर्जी पर बरसे सुवेंद्र अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर हमला किया, कानून तोड़ा और संविधान का खुलेआम उल्लंघन हुआ। उन्होंने कहा कि ममता के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? लोग 'फाइल चोर ममता', 'ममता हटाओ, बंगाल बचाओ', 'भाजपा लाओ, बंगाल बचाओ' के नारे लगा रहे हैं।
'हम ममता को भगाएंगे...'
बीते दिनों सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया था। इस मामले पर उन्होंने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि मैं सही रास्ते पर हूं, मेरा काम अच्छे से चल रहा है। इसलिए, ममता, उनकी पुलिस और उनके गुंडे मेरी जान पर हमला कर रहे हैं। मैं लड़ूंगा... हमने अंग्रेजों को भगाया, माकपा को भगाया और हम ममता को भी भगाएंगे।
