देश

बिहार में कथित जहरीली शराब से 5 लोगों की संदिग्ध मौत, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

स्थानीय लोगों ने मौतों के लिए जहरीली शराब के सेवन को जिम्मेदार ठहराया, लेकिन एसपी ने कहा कि कम से कम दो मौतों के पीछे का कारण जहरीली शराब नहीं है।

Image

चंपारण में कथित जहरीली शराब से 5 मौतें

Photo : iStock

Suspected spurious liquor deaths in Bihar- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद प्रशासन को जांच के आदेश देने पड़े। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को रविवार को मौतों के बारे में पता चला, हालांकि पहली मौत चार दिन पहले हुई थी और सभी सातों के शवों का पहले ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था। पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने कहा कि सभी मौतें लौरिया थाना क्षेत्र से हुईं।

मौतों का पता लगाने के लिए जांच टीम का गठन

स्थानीय लोगों ने मौतों के लिए जहरीली शराब के सेवन को जिम्मेदार ठहराया, लेकिन एसपी ने कहा कि कम से कम दो मौतों के पीछे का कारण जहरीली शराब नहीं है। उन्होंने कहा, एक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, जबकि दूसरे को लकवा मार गया था। सुमन ने कहा, पहली मौत 15 जनवरी को हुई थी, हालांकि हमें इस घटना के बारे में आज ही पता चला। बाकी पांच मौतों का कारण स्पष्ट नहीं है क्योंकि पुलिस को सूचित करने से पहले ही सभी सात शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। हमने इसका पता लगाने के लिए एक जांच टीम गठित की है।

पश्चिम चंपारण के उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने कहा कि मौतों के कारण का पता लगाना मुश्किल है क्योंकि शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच टीम को 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि टीम लौरिया में पिछले तीन-चार दिनों में मरने वालों की पहचान भी करेगी।

मृतकों में से एक के परिवार के सदस्य ने कहा कि मेरे भाई प्रदीप ने अपने दोस्त मनीष के साथ शराब पी। दोनों की मौत हो गई। अप्रैल 2016 में नीतीश कुमार सरकार द्वारा बिहार में शराब की बिक्री और खपत पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। लेकिन चोरी-छिपे शराब की बिक्री और सेवन लगातार जारी रहा। इस दौरान जहरीली शराब पीने से राज्य में कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है और सरकार को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article