देश

नीतीश कुमार की वापसी पर ये क्या बोल गए सुशील मोदी, इशारों-इशारों में कर दिया ये दावा

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2024, 05:05 PM IST

Bihar Politics: नीतीश की वापसी की चर्चा के बीच बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि राजनीति में दरवाजे स्थायी रूप से बंद नहीं होते हैं। बता दे, नीतीश ने भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप दिया है या नहीं अभी इसकी पुष्टी नहीं हुई।

Image

सुशील मोदी ने नीतीश की वापसी पर कही ये बड़ी बात।

Photo : PTI

Sushil Modi On Nitish Kumar: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुशील कुमार मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राजनीति में किसी के लिए दरवाजे कभी भी स्थायी रूप से बंद नहीं होते हैं। उनकी यह टिप्पणी इन संकेतों के बीच आई है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों के साथ समीकरण खराब होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व सहयोगी भाजपा नीत खेमे में लौट सकते हैं।

नीतीश की वापसी पर क्या बोले सुशील मोदी?

भाजपा और जद (यू) दोनों दलों के सूत्रों ने ऐसी संभावना जतायी है लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि अपनी पार्टी के निर्विवाद नेता नीतीश कुमार ने भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप दिया है या नहीं। सुशील मोदी ने कहा, 'जहां तक नीतीश कुमार या जद (यू) का सवाल है, राजनीति में दरवाजे कभी भी स्थायी तौर पर बंद नहीं होते हैं। समय आने पर बंद दरवाजे खुलते हैं लेकिन दरवाजे खुलेंगे या नहीं, यह हमारे केंद्रीय नेतृत्व को तय करना है।'

भाजपा नेताओं के बयानों में दिख रही नरमी

नीतीश कुमार द्वारा 2022 में भाजपा से अपना नाता तोड़ने के बाद, भाजपा के नेतागण कहते रहे हैं कि कुमार के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गए हैं। लेकिन हाल में भाजपा नेताओं के बयानों में नरमी दिख रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकारों में सुशील मोदी लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहे, लेकिन 2020 के विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा-जद(यू) गठबंधन के सत्ता में आने पर उन्हें उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया था।

क्या फिर बिहार के डिप्टी सीएम बनेंगे सुशील मोदी?

सुशील मोदी इस बार भाजपा के शीर्ष नेताओं की बातचीत में शामिल रहे हैं, जो संकेत है कि अगर दोनों दल फिर से एक साथ आते हैं तो अनुभवी सुशील मोदी को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा राज्य के घटनाक्रम को लेकर चिराग पासवान और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित बिहार में अपने सहयोगियों के संपर्क में है, लेकिन उन्हें नीतीश कुमार की वापसी की संभावना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

नीतीश कुमार के NDA में शामिल होने की तैयारी

एक सहयोगी ने कहा कि भाजपा ने इसे खारिज नहीं किया है और न ही स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा, 'यह स्पष्ट है कि नीतीश कुमार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी के लिए जमीन तैयार की जा रही है।' भाजपा सूत्रों ने कहा कि जद (यू) के उनके गठबंधन में शामिल होने से यह सुनिश्चित होगा कि राजग बिहार में लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करेगा।

साल 2019 के आम चुनाव में राजग ने बिहार की 40 में से 39 सीट पर जीत हासिल की थी। इस बीच, बिहार में भाजपा नेताओं का एक वर्ग नीतीश कुमार के साथ गठबंधन के लिए उत्सुक नहीं है। ऐसे नेताओं का दावा है कि मुख्यमंत्री का प्रभाव कम हो रहा है और उनकी ‘घटती विश्वसनीयता’ भाजपा को नुकसान पहुंचाएगी।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article