Supreme Court News: उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले किसी मामले में सजा पा चुके व्यक्ति को सिर्फ त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं मिल सकती। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हत्या के एक मामले में आरोपी को जमानत देने वाला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का आदेश रद्द करते हुए यह बात कही। पीठ ने कहा, "त्वरित सुनवाई के अधिकार को हमेशा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा माना गया है, लेकिन जब आरोपी किसी गंभीर अपराध में शामिल हो तो उसके अधिकारों के साथ पीड़ित और उसके परिवार के हितों समेत समाज के हितों को भी देखना जरूरी है।"
सुप्रीम कोर्ट (फोटो साभार- PTI)
'पीड़ित के हितों को ध्यान में रखना जरूरी'
पीठ ने कहा कि ऐसा लगता है कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान न तो उच्च न्यायालय को आरोपी के पहले दोषी ठहराए जाने की जानकारी दी गई और न ही अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका का ब्योरा उसके सामने रखा गया। शीर्ष अदालत ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा, "आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले दोषी ठहराए जा चुके व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के उसके अधिकार के आधार पर जमानत पर नहीं छोड़ा जा सकता।" अदालत ने कहा, "त्वरित सुनवाई के अधिकार और समाज के हितों के बीच संतुलन बनाना अदालत का कर्तव्य है, खासकर तब जब कोई व्यक्ति कई अपराधों में शामिल हो और उसने उच्च न्यायालय के सामने गलत जानकारी देकर जमानत ली हो।"
शीर्ष अदालत ने मृतक के पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। पिता ने आरोपी को जमानत देने वाले उच्च न्यायालय के जनवरी 2026 के आदेश को चुनौती दी थी। पीठ ने कहा कि उच्च न्यायालय ने आरोपी को इस आधार पर जमानत दी थी कि वह पांच साल से अधिक समय से जेल में था। शिकायतकर्ता ने दलील दी कि उच्च न्यायालय को आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि समेत मामले के सभी जरूरी पहलुओं पर विचार करना चाहिए था, खासकर इस तथ्य पर कि आरोपी को पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- भारत में कैसे बदलता है किसी राज्य का नाम और क्या है पूरी संवैधानिक प्रक्रिया?
जमानत के लिए झूठी जानकारी देना पड़ा भारी
आरोपी की ओर से पेश वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल ने उच्च न्यायालय में दायर जमानत याचिका में अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि का जिक्र किया था। शीर्ष अदालत ने कहा कि आरोपी ने उच्च न्यायालय में दायर अपनी जमानत याचिका में दो जगहों पर यह दावा किया था कि मौजूदा मामले के अलावा वह किसी और मामले में शामिल नहीं है। न्यायालय ने कहा कि आरोपी ने यह तथ्य छिपाया कि उसे पहले उसी व्यक्ति की हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी, जिसकी मौजूदा मामले में मौत हुई है। पीठ ने कहा कि आरोपी ने मौजूदा अपराध उस समय किया था, जब वह हत्या के प्रयास के उस मामले में जमानत पर था जिसमें उसे बाद में दोषी ठहराया गया। अदालत ने कहा कि उच्च न्यायालय को मुकदमे की सुनवाई लंबित रहने के दौरान आरोपी को जमानत नहीं देनी चाहिए थी। पीठ ने याचिका स्वीकार करते हुए उच्च न्यायालय का आदेश रद्द कर दिया और आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
