देश

वांगचुक के भाषणों के VIDEO देखेगा सुप्रीम कोर्ट; हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई 10 मार्च तक स्थगित

Sonam Wangchuk Case: सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो की ओर से दायर उस याचिका पर सुनवाई 10 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी।

Image

जेल में बंद जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (फाइल फोटो)

Sonam Wangchuk Case: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को जेल में बंद जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो की ओर से दायर उस याचिका पर सुनवाई 10 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत वांगचुक की हिरासत को चुनौती दी है।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति पी बी वराले की पीठ ने कहा कि वह होली की छुट्टियों के दौरान वांगचुक द्वारा दिए गए भाषणों के वीडियो को देखेगी। पीठ ने कहा, ''हम उन पेन ड्राइव (की सामग्री) को देखना चाहते हैं। हमने रजिस्ट्रार से छुट्टियों के दौरान व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।''

कब होगी अगली सुनवाई?

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह याचिका पर सुनवाई 10 मार्च को पूरी कर लेगा। सुप्रीम कोर्ट ने 23 फरवरी को मामले की सुनवाई 26 फरवरी के लिए स्थगित कर दी थी क्योंकि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता उपलब्ध नहीं थे। जब मामले की सुनवाई शुरू हुई, तो केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए वकील ने यह कहते हुए सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया कि मेहता किसी अन्य अदालत में व्यस्त हैं।

अंगमो की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सुनवाई स्थगित करने के अनुरोध का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि ऐसा नहीं किया जा सकता और केंद्र सरकार को लिखित जवाब दाखिल करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

केंद्र के वकील ने क्या दी दलील?

इसके बाद पीठ ने केंद्र के वकील को मेहता से दोपहर 3:45 बजे पेश होने को कहा और मामले को स्थगित कर दिया। बाद में जब मामले पर सुनवाई हुई, तो मेहता पीठ के समक्ष उपस्थित हुए और बताया कि एक सीडी जमा कर दी गई है और अदालत द्वारा उसे देखने के बाद वे अपनी दलील रखेंगे।

इसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 10 मार्च की तारीख तय की और कहा कि वह तब तक वीडियो देख लेगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article