देश

NCP की मुखिया बनीं सुनेत्रा पवार, प्रफुल्ल पटेल पर खत्म हुआ सस्पेंस; पार्थ को भेजा जाएगा राज्यसभा

Rajya Sabha Elections: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को राकांपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया। सुनेत्रा के पति एवं तत्कालीन राकांपा प्रमुख अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के लगभग एक महीने बाद उन्हें पार्टी अध्यक्ष चुना गया।

Image

राकांपा की निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं सुनेत्रा पवार (फोटो साभार: @mahancpspeaks)

Photo : Twitter

Rajya Sabha Elections: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया। सुनेत्रा के पति एवं तत्कालीन राकांपा प्रमुख अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के लगभग एक महीने बाद उन्हें पार्टी अध्यक्ष चुना गया।

प्रफुल्ल पटेल पर खत्म हुआ सस्पेंस

ऐसा माना जा रहा था कि राकांपा प्रफुल्ल पटेल को राज्यसभा भेज सकती है। हालांकि, प्रफुल्ल पटेल ने खुद राज्यसभा के लिए सुनेत्रा पवार के बेटे पार्थ के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्थ पवार को राज्यसभा सीट के लिए नामित किया जाएगा, जो उनकी मां सुनेत्रा पवार के इस्तीफे और राज्य की उपमुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हो गई थी।

निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं सुनेत्रा पवार

राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की बैठक के बाद सुनेत्रा पवार के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव में हार के बाद, सुनेत्रा पवार राकांपा के टिकट पर राज्यसभा सदस्य चुनी गई थीं। बारामती में 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद, सुनेत्रा ने संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

राकांपा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि पार्टी की तरफ से हमने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए पार्थ पवार के नाम का ऐलान किया है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में तटकरे ने बताया, ''सुनेत्रा पवार को निर्विरोध राकांपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। मैं उनका दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।'' इस दौरान तटकरे ने अजित दादा के नक्शेकदम में चलने की बात कहीं।

गैरहाजिर रहे पार्थ पवार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मां सुनेत्रा पवार को जब निर्विरोध अध्यक्ष चुना जा रहा था उस वक्त पार्थ पवार मौजूद नहीं थे। हर किसी की निगाहें पार्थ को ही तलाश रही थीं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article