Shiromani Akali Dal Chief: पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को एक बार फिर से शिरोमणि अकाली दल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अमृतसर में सुखबीर सिंह बादल को सर्वसम्मति से पार्टी प्रमुख चुना गया है। सुखबीर सिंह बादल ने पिछले साल 16 नवंबर को अकाल तख्त के आदेश पर पार्टी प्रमुख का पद छोड़ दिया था। हालांकि, पार्टी की वर्किंग कमेटी ने जनवरी 2025 में उनका इस्तीफा स्वीकार किया था।
SAD ने सुखबीर सिंह बादल को दी बधाई
शिरोमणि अकाली दल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा कर सुखबीर सिंह बादल के पार्टी का अध्यक्ष बनने की जानकारी दी। पार्टी ने पोस्ट में कहा, ''पंजाब के विकास पुरुष सुखबीर सिंह बादल को शिरोमणि अकाली दल का अध्यक्ष बनने पर बधाई। सुखबीर सिंह बादल पंथ और पंजाब के अधिकारों की दृढ़ता से रक्षा करें और पंजाब को फिर से समृद्ध बनाएं।"
पहली बार कब बने थे पार्टी अध्यक्ष
सुखबीर सिंह बादल पहली बार साल 2008 में पार्टी अध्यक्ष बने थे और लगातार 16 सालों तक इस पद पर बने रहे। इसके बाद अकाल तख्त का आदेश मानते हुए उन्होंने पद छोड़ दिया था। हालांकि, एक बार फिर से उन्हें शिअद अध्यक्ष चुना गया।
कौन हैं सुखबीर सिंह बादल?
सुखबीर सिंह बादल, पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं। उन्होंने कई विधानसभा चुनावों के दरमियां पार्टी की कमान संभाली है। हाल के वर्षों में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर 'राजग' से बाहर निकलने के बाद उन्होंने पार्टी को फिर संभाला है। राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे सुखबीर सिंह बादल पार्टी के मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भुंडर की जगह लेंगे।
