लद्दाख में अचानक फटा बादल, आई बाढ़, लेह के कई हिस्से जलमग्न

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 22, 2023, 11:18 PM IST

Sudden Cloudburst In Ladakh: केंद्र शासित प्रदेश के गैंगल्स क्षेत्र में बादल फटने की घटना में लेह शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए।

Sudden Cloudburst In Ladakh: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे मलबा बह कर मुख्य बाजार क्षेत्र में आ गया और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसमें जानमाल को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर रात केंद्र शासित प्रदेश के गैंगल्स क्षेत्र में बादल फटने की घटना में लेह शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। उन्होंने बताया कि मलबा निचले इलाकों में कई इमारतों में घुस गया, जिससे उन्हें कुछ नुकसान पहुंचा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लेह शहर में, खासतौर से खाकशाल, सांकेर, स्कम्पारी, छुबी, जांगस्टी और गोनपा सोमा के मुख्य बाजार इलाकों में बचाव और पुनर्वास कार्य अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ के परिणामस्वरूप लेह में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा का एक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि गैंगल्स इलाके में कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और चोखांग विहार इलाके में काफी मलबा आ गया।

Sudden Cloudburst In Ladakh

लद्दाख में बादल फटा

विदेशियों सहित कई पर्यटकों ने मदद का हाथ बढ़ाया और अचानक आई बाढ़ के बाद वे मुख्य बाजार क्षेत्र की सफाई करते देखे गए। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि सेना की टुकड़ियों ने लेह शहर के ऊपरी इलाकों में बाढ़ राहत अभियान चलाया और 30 आवासीय भवनों से कीचड़ और मलबा हटाने में सहायता करने के अलावा, 70 फंसे हुए वाहनों को वहां से निकाला। उन्होंने कहा कि अचानक आई बाढ़ से स्किमप्री गांव के ऊपरी इलाकों, लैमडन स्कूल क्षेत्र और आसपास के स्थानों में भारी क्षति हुई है। अधिकारी ने बताया कि सेना के जवानों ने नागरिकों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए चौबीसों घंटे काम किया।

End of Feed