देश

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया दिल्ली में ‘साइक्लिंग विद टीचर्स’ कार्यक्रम में होंगे शामिल

फिट इंडिया मूवमेंट के तहत यह साइक्लिंग इवेंट “फाइट ओबेसिटी” पहल को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इस सप्ताह शिक्षक, कोच और शैक्षणिक मार्गदर्शक प्रमुख भागीदार हैं।

Image

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया दिल्ली में ‘साइक्लिंग विद टीचर्स’ कार्यक्रम में होंगे शामिल

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया देशभर के शिक्षकों के साथ ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के विशेष संस्करण ‘साइक्लिंग विद टीचर्स’ में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम 4 मई को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित होगा। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत यह साइक्लिंग इवेंट “फाइट ओबेसिटी” पहल को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इस सप्ताह शिक्षक, कोच और शैक्षणिक मार्गदर्शक प्रमुख भागीदार हैं।

देशभर में यह साइक्लिंग अभियान दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था और अब तक 5000 से अधिक स्थानों पर 2 लाख से ज्यादा प्रतिभागी इसमें भाग ले चुके हैं। हाल ही में डॉ. मांडविया से ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने इस पहल की सराहना की।

सात्विक ने साई मीडिया से कहा, “आजकल लोग मोटरसाइकिल का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, साइकिल नहीं चलाते। ऐसे में यह पहल बहुत अच्छी है। मैं हाल ही में हैदराबाद अपने घर गया और एक बच्चे की साइकिल लेकर सैर पर निकल पड़ा!”

चिराग ने कहा, “साइक्लिंग से फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण को भी फायदा होता है। ऑफिस जाना हो या घूमने फिरने के लिए निकलना हो साइकिल से चलें, यह डबल फायदेमंद है। चाहे हफ्ते में एक बार चलाएं, दो बार या रोज़ साइकिल ज़रूर चलाएं और इस पहल का समर्थन करें।”

इस सप्ताह का 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' कार्यक्रम सुबह 7 बजे मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू होगा। इसमें सांसद और लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी, पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली ट्रैक एंड फील्ड एथलीट किरण पहल और पर्वतारोही नरेंद्र कुमार भी शामिल होंगे। नरेंद्र ने अप्रैल 2025 में विश्व की 10वीं सबसे ऊंची चोटी – माउंट अन्नपूर्णा (8,091 मीटर) को केवल 12 दिनों में फतह किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article