देश

SpiceJet: उड़ान भरने के तुरंत बाद फ्लाइट ने लिया यू-टर्न, आखिर विमान की पुणे में क्यों करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग?

पुणे से दिल्ली आ रहे स्पाइसजेट के एक विमान में बीच हवा में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद विमान ने यू-टर्न लिया और पुणे में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतारा गया। स्पाइसजेट ने कहा कि एहतियात के तौर पर पायलटों ने पुणे लौटने का फैसला किया।

Image

स्पाइसजेट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग।(फोटो साभार: iStock)

Photo : iStock

SpiceJet Flight: पुणे से दिल्ली आ रहे स्पाइसजेट के एक विमान में बीच हवा में तकनीकी खराबी आ गई जिस वजह से इसे वापस लौटना पड़ा और फिर इसे पूरी तरह से आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। समाचार एजेंसी पीटीआई से मुताबिक, स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतारा गया।

सूत्र ने कहा, ‘‘स्पाइसजेट बोइंग 737 विमान को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से पुणे हवाई अड्डे वापस लौटना पड़ा। दिल्ली के लिए उड़ान भरने के एक घंटे बाद विमान को पूरी तरह से आपातकालीन स्थिति में वापस उतारा गया।’’

सुबह दिल्ली में होनी थी फ्लाइट की लैंडिंग

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24.कॉम’ के अनुसार, उड़ान एसजी937 अपने निर्धारित समय सुबह छह बजे से 40 मिनट की देरी से पुणे हवाई अड्डे से रवाना हुई थी और इसे सुबह 8.10 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरना था।

एअरलाइन ने कहा, ‘‘स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 937 एक सितंबर को पुणे से दिल्ली के लिए रवाना हुई और यह उड़ान भरने के तुरंत बाद पुणे लौट आई। उड़ान भरने के बाद, ‘फ्लैप ट्रांजिट लाइट’ जल उठी और चालक दल के सदस्यों ने मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार सभी आवश्यक जांच की।’’

यात्रियां का पूरा किराया किया गया वापस

स्पाइसजेट ने कहा कि एहतियात के तौर पर पायलटों ने पुणे लौटने का फैसला किया। बयान में कहा गया, ‘‘विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और यात्री भी सामान्य रूप से उतरे। प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में जगह दी जा रही है या उन्हें पूरा किराया वापस किया जा रहा है।’’

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article