देश

स्पेशल सेल का बड़ा ऑपरेशन, हैरी बॉक्सर गैंग के चार शूटर दबोचे।

Image

स्पेशल सेल का बड़ा ऑपरेशन, हैरी बॉक्सर गैंग के चार शूटर दबोचे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात हैरी बॉक्सर गैंग पर बड़ा वार किया है। पुलिस ने गैंग के चार शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो बदमाशों को दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया, जबकि बाकी दो को पंजाब के मोहाली से दबोचा गया।

पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि गैंग के शूटर दिल्ली में बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। इसी जानकारी पर पुलिस ने जाल बिछाया। जब बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से शूटर कार्तिक जाखड़ घायल हो गया, जबकि उसका साथी कविश दबोच लिया गया।

जांच में पता चला कि दोनों बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर हैरी बॉक्सर और उसके साथी रोहित गोदारा के लिए काम करते थे। इनका टारगेट दिल्ली में कारोबारियों से वसूली करना और यहां पैर जमाना था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंग के दो और सदस्य मोहाली में एक कारोबारी की हत्या की साजिश रच रहे हैं। पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी और पवन व मनोज नाम के दो शूटरों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन और टारगेट का फोटो बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, कार्तिक और उसके साथी पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं। उन पर बिजनेसमैन से करोड़ों रुपये की उगाही, फायरिंग और हत्या की साजिश के केस दर्ज हैं।

स्पेशल सेल का कहना है कि हैरी बॉक्सर और रोहित गोदारा हाल ही में दिल्ली और पंजाब में एक्टिव होकर अपना नेटवर्क बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर बड़ा ब्रेक लगा दिया है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article