Delhi Rain : शुक्रवार तड़के दिल्ली में हुई बारिश से लोगों को राहत तो मिली लेकिन यह बारिश आफत भी लेकर आई। दिल्ली की सड़कें पानी में डूबी नजर आईं। जगह-जगह जाम लग गया। कनॉट प्लेस के पास मिंटो रोड पुल में इतना पानी भर गया कि वाहनों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में हुए जलभराव से जगह-जगह जाम लग गया। इस बारिश में आम से लेकर खास लोग भी फंसे। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता राम गोपाल यादव के आवास और उसके आस-पास के इलाकों में भारी जलभराव हो गया। हालात यह बन गए सांसद अपने घर के बाहर खड़े वाहन तक चलकर नहीं पहुंच पाए। यादव को उनकी गाड़ी तक दो लोग उठाकर ले आए। फिर उन्हें गाड़ी में बिठाया।
NDMC ने नाले साफ नहीं किए-राम गोपाल यादव
पानी से घिरने का गुस्सा रामगोपाल यादव ने एनडीएमसी पर निकाला। उन्होंने कहा, 'NDMC तैयार नहीं रहता है, इस बार काफी देर से बारिश हुई है लेकिन फिर भी नाले साफ नहीं किए गए। इस इलाके में अधिकतर मंत्री, केंद्रीय मंत्री व सांसदों के आवास हैं। गृह राज्य मंत्री भी हैं जिनके अंतर्गत NDMC आता है। स्थिति ऐसी है कि हमें बाहर निकलने के लिए दूसरों का सहारा लेना पड़ा।' सपा नेता ने कहा कि बारिश के समय यहां से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। आप देख सकते हैं कि संसद जाने के लिए क्या करना पड़ रहा है।
सपा सांसद ने कहा, 'मैं सुबह चार बजे से एनडीएमसी के अधिकारियों से बात कर रहा था। उन्हें पानी निकालना चाहिए था। बारिश का पानी आवास के भीतर दाखिल हो गया है।'
दिल्ली यातायात पुलिस की एडवाइजरी
बारिश के बाद शहर में लगे जाम को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श जारी किया है। इस परामर्श में टर्मिनल-1 आने वाले यात्रियों के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। परामर्श में कहा गया है। टर्मिनल-1 से प्रस्थान बंद है। यात्री जो टर्मिनल-1 की तरफ बढ़ रहे हैं, उन्हें टर्मिनल-1 के आगमन पर आना होगा। इसके अलावा टर्मिनल-3 के समीप मेहराम नगर अंडरपास पर जलजमाव है। यात्री इस रास्ते पर आने से बचें और अपनी यात्रा तय समय से काफी पहले शुरू करें।
दिल्ली में ये रास्ते पानी में डूबे
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह की बारिश राहत के साथ आफत भी लेकर आई है। राजधानी के कई इलाके ऐसे हैं जहां सड़कें लबालब हैं, लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। दिल्ली के मधु विहार, भीकाजी कामा प्लेस, मेहरौली बदरपुर रोड, शांति पथ, कनॉट प्लेस, मिंटो ब्रिज, तीन मूर्ति मार्ग, मूलचंद सहित की इलाकों में कमर से ऊपर पानी भरा हुआ है। मिंटो रोड में तो ब्रिज के पास ज्यादा पानी के चलते ट्रक ही डूब गया।
