Sonia Gandhi Rajya Sabha: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का राज्यसभा जाना लगभग तय हो गया है। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी कल (बुधवार को) अपना नामांकन दाखिल करेंगी। उनके साथ राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी होंगे। हालांकि, अभी यह सामने नहीं आया है कि सोनिया गांधी किस सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, गांधी की राज्यसभा सीट को लेकर अंतिम फैसला आज रात तक कर लिया जाएगा।
इसी के साथ यह भी तय हो गया है कि सोनिया गांधी आगामी लोकसभा चुनाव नहींं लड़ेंगी। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली से सांसद हैं। यह कांग्रेस की पारंपरिक सीट है। अटकलें हैं कि इस सीट से प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा जा सकता है। हालांकि, कांग्रेस हाईकमान की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
राजस्थान से भर सकती हैं नामांकन
सोनिया गांधी जिन सीटों से राज्यसभा का पर्चा दाखिल कर सकती हैं, उसमें राजस्थान का नाम सबसे आगे है। वर्तमान में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं, उनका कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में इस सीट से उनकी जगह सोनिया गांधी को राज्यसभा भेजे जाने की मांग रखी गई है। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोनिया गांधी को राजस्थान से राज्यसभा भेजने के लिए प्रस्ताव भेजे हैं।
10 सीटों पर जीत सकती है कांग्रेस
चुनाव आयोग के अनुसार, 56 सीटों के लिए राज्यसभा का द्विवार्षिक चुनाव 27 फरवरी को होगा। इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 10 सीटों पर जीत मिल सकती है। चुनावी गणित के अनुसार, कांग्रेस को तेलंगाना से 2, कर्नाटक से 3 और इसके अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और बिहार से भी एक-एक सीट मिलने की संभावना है। बता दें, राजस्थान से पहले सोनिया गांधी को तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश से भी राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने की खबरें सामने आ चुकी हैं। हालांकि, कांग्रेस आलाकमान ने अभी तक इस मसले पर चुप्पी साध रखी है।
