Sonia Gandhi Health: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत खराब हो गई। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा कि सोनिया गांधी को हल्के बुखार के लक्षणों के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
शनिवार को हुई तबीयत खराब
एक वरिष्ठ डॉक्टर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि गांधी को शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की स्थिति पर नजर रख रही है।
कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने हाल ही में 31 अगस्त को मुंबई में विपक्ष की 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में भाग लिया। वह अपने बेटे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ वहां थीं। हाल ही में वो श्रीनगर के दौरे पर भी गईं थीं।
दो बार पहले भी हुईं थीं भर्ती
इससे पहले सोनिया गांधी 2023 में दो बार अस्पताल में भर्ती हो चुकी हैं। इलाज के लिए उन्हें 12 जनवरी, 2023 को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 17 जनवरी, 2023 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 2 मार्च 2023 को बुखार के कारण सोनिया गांधी को दोबारा उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
