Sandeshkhali Case : बंगाल के संदेशखाली में महिला के खिलाफ हुई हिंसा पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की ममता सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस और वाम दल भी हिंसा एवं उत्पीड़न के आरोपों पर ममता सरकार को घेर रहे हैं। इस बीच, यह मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच चुका है। भाजपा सांसद ने लॉकेट चटर्जी ने संदेशखाली घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की है। चटर्जी ने कहा कि महिलाओं से अत्याचार करने वालों को सामने आने होगा। चटर्जी ने दोषियों को फांसी की सजा देने का मांग की।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हम संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं की कहानी सुनना चाहते हैं। यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। यहां की राज्य सरकार भ्रष्ट और निकम्मी है। गुनाह करने वालों को यह सरकार पुरस्कृत करती है। हम लोकतांत्रिक तरीके से पीड़ित महिलाओं से मिलना चाहते हैं।
गुंडों को बचा रही पुलिस-अन्नपूर्णा
अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि संदेशखाली जाने के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक छह सदस्यीय समिति बनाई है। संदेशखाली में जो घटना हुई है वह निंदनीय है। मुख्यमंत्री का नाम 'ममता' है लेकिन उनकी पार्टी का गुंडा शाहजहां शेख महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर रहा है। इस मामले को उठाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे केस दर्ज कराए गए हैं। भाजपा नेता ने ममता बनर्जी पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना के लिए टीएमसी के जो गुंडे जिम्मेदार हैं, पुलिस उन्हें सुरक्षा दे रही है।
संदेशखाली में जो कुछ हुआ वह निंदनीय-कविता
शिष्टमंडल में शामिल प्रतिमा भौमिक ने कहा कि 'ममता बनर्जी एक नहीं सैकड़ों शेख शाहजहान जैसे भगोड़ों को पाल-पोस रही हैं। कल विधानसभा में वह उसका बचाव कर रही थीं। संदेशखाली जाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है।' भाजपा सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि हम पीड़ित महिलाओं और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे और पता करेंगे कि उनके साथ क्या हुआ था। एक तरह भारत सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है तो दूसरी तरफ बंगाल में महिलाओं के खिलाफ बंगाल में हिंसा हो रही है। यह अत्यंद निंदनीय है।
शाहजहां शेख और उसके समर्थकों पर रेप का आरोप
भाजपा के इस शिष्टमंडल में सुनीता दुग्गल, संगीता यादव और यूपी के पूर्व डीजीपी बृज लाल शामिल हैं। बता दें कि संदेशखाली की महिलाओं ने शाहजहां शेख और उसके समर्थकों पर रेप एवं हिसा का आरोप लगाया है। महिलाओं का दावा है कि हिंसा के दौरान स्थानीय पुलिस मूक दर्शक बनी रही। महिलाएं सामने आकर अपने अत्याचार की कहानी सुना रही हैं।
इस पूरे मामले की जांच हो-कांग्रेस
संदेशखाली की घटना पर कांग्रेस ने भी ममता बनर्जी पर हमला बोला है। पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार निंदनीय है। इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की बनती है, इसे उन्हें गंभीरता से लेना चाहिए। इस घटना को सियासी रंग देने ठीक नहीं है।
