देश

सड़कों पर सन्नाटा, दुकानें-इंटरनेट बंद...मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित इलाकों का ताजा हाल

शुक्रवार दोपहर से सुती, धुलियान, शमशेरगंज और जंगीपुर इलाकों में भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, जिले में किसी नयी घटना की सूचना नहीं है।

Image

मुर्शिदाबाद हिंसा अपडेट

Photo : PTI

Murshidabad Violence: पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के हिंसा प्रभावित इलाकों, खासतौर पर सुती, शमशेरगंज, धुलियान और जंगीपुर में सोमवार को स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। हिंसा प्रभावित इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में सड़कें सुनसान दिखीं और दुकानें बंद रहीं। प्रभावित इलाकों में इंटरनेट बंद है, जबकि सुरक्षाबल मुख्य सड़कों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं।

हिंसा में तीन लोगों की मौत

शुक्रवार दोपहर से सुती, धुलियान, शमशेरगंज और जंगीपुर इलाकों में भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, लेकिन जिले में किसी नयी घटना की सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा के सिलसिले में शनिवार दोपहर तक कुल 180 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि इन अशांत क्षेत्रों और आसपास की स्थिति शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है। मुर्शिदाबाद जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। पुलिस तैनात है और किसी को भी शांति भंग नहीं करने दी जाएगी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने राज्य सशस्त्र पुलिस और आरएएफ के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास की गलियों में फ्लैग मार्च किया।

लोगों ने नदी पार करके बचाई जान

अधिकारियों ने बताया कि झड़पों में कम से कम 18 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। हिंसा के दौरान पुलिस वैन समेत कई वाहनों में आगजनी की गई, सुरक्षाबलों और दुकानों पर पथराव किया गया तथा पुलिस बूथ भी जला दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित सैकड़ों लोगों ने भागीरथी नदी पार कर मालदा में शरण ली है। स्थानीय प्रशासन ने दंगा प्रभावित परिवारों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की है और उन्हें स्कूलों में आश्रय दिया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article