Namchi Landslide: नामची जिले में नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHPC) के निर्माणाधीन सुरंग में फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस हादसे में अब तक 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। शवों को सिंगटाम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल लाया गया है।
नामची जिले की सुरंग में फंसे हैं कर्मचारी।
राहत एवं बचाव अभियान जारी
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक नामची जिला प्रशासन, एनएचपीसी के अधिकारियों, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहा है। स्थिति पर सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया
सिक्किम के नामची जिले में सोमवार दोपहर को भूस्खलन के कारण एक निर्माणाधीन सड़क सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया, जिससे उसके भीतर कम से कम 25 मजदूर फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिला कलेक्टर अनूप तमलिंग ने कहा कि समरडुंग सुरंग में फंसे मजदूरों की सही संख्या की अभी भी पुष्टि की जा रही है और यह संख्या मौजूदा अनुमान से कम या ज्यादा हो सकती है।
सुरंग के अंदर संदिग्ध गैस रिसाव भी हुआ
पुलिस ने बताया कि भूस्खलन के कारण समरदुंग सुरंग के अंदर संदिग्ध गैस रिसाव भी हुआ है। इसने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि भूस्खलन के कारण भूमिगत परतों या चट्टानों की संरचना में हलचल होने से यह गैस प्राकृतिक रूप से निकल रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन तथा आपातकालीन सेवाओं की टीम बचाव अभियान संचालित कर रही हैं। अधिकारी ने कहा, 'बचाव अभियान जारी है, लेकिन सुरंग के भीतर गैस की मौजूदगी के कारण यह काम जटिल हो गया है। फंसे हुए मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश के दौरान कई बचाव कर्मियों को चक्कर आ गए और वे बेहोश हो गए।'
उन्होंने कहा, 'एंबुलेंस को तैयार रखा गया है, जबकि गैस मास्क से लैस बचावकर्मी सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।'
अधिकारियों ने बताया कि इस सुरंग का निर्माण एक राजमार्ग परियोजना के हिस्से के रूप में किया जा रहा है।
