देश

क्या बाल ठाकरे को मिलेगा भारत रत्न? उद्धव की शिवसेना ने मोदी सरकार के सामने रखी ये मांग

Bharat Ratna: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, "बालासाहेब ठाकरे को भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाना चाहिए। अगर एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस जैसे लोग ट्विटर पर बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि देते हैं, तो यह सबसे बड़ा पाखंड है, शिवसेना बालासाहेब ठाकरे का जीवन है और उन्होंने उस पर हमला किया।"

Image

बाल ठाकरे को भारत रत्न देने की मांग।

Maharashtra Politics: शिवसेना (यूटीबी) ने बृहस्पतिवार को शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। दिवंगत नेता की 99वीं जयंती के अवसर पर शिवसेना (यूटीबी) नेता संजय राउत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा नीत सरकार ने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान कुछ ऐसे व्यक्तियों को दिया है, जो इसके हकदार नहीं थे।

बाल ठाकरे को भारत रत्न सम्मान देने की मांग तेज

संजय राउत ने कहा, "लेकिन वह व्यक्ति जिसने देश में हिंदुत्व के बीज बोए, उन्हें भी भारत रत्न दिया जाना चाहिए? 'हिंदू-हृदय सम्राट' बाल ठाकरे को भारत रत्न सम्मान से नवाजा जाना चाहिए। यह शिवसेना (यूटीबी) की मांग है।" उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बाल ठाकरे का जन्म शताब्दी वर्ष एक साल बाद मनाया जाना है। राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, "(ठाकरे का) जन्म शताब्दी वर्ष शुरू होने से पहले उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। आपने वीर सावरकर (विनायक दामोदर सावरकर) को भारत रत्न नहीं दिया। यदि आप बालासाहेब को यह सम्मान प्रदान करते हैं, तो यह वीर सावरकर का भी सम्मान होगा।"

राउत ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर कसा तंज

शिवसेना (यूटीबी) नेता एवं मुंबई दक्षिण से सांसद अरविंद सावंत ने भी बाल ठाकरे को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने कहा, "बाल ठाकरे ने देश को बताया कि 'हिंदुत्व के आदर्श' क्या हैं। उन्होंने कहा, ''जो सरकार (केंद्र सरकार) खुद को हिंदुत्व समर्थक कहती है, उसे बाल ठाकरे को भारत रत्न से अवश्य सम्मानित करना चाहिए। हम इसकी पुरजोर मांग करते हैं।" सावंत और राउत ने यह बयान शिवाजी पार्क स्थित बाल ठाकरे के स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दिया।

इस बीच, राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर तंज कसते हुए इसे "चीनी पटाखे" बताया जो फूटेंगे नहीं। राउत ने कहा, "वास्तविक शिवसेना 'मातोश्री' में है, जहां उद्धव ठाकरे अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा, ''बाजार में नकली दवाइयां, कपड़े उपलब्ध हैं...और चीनी पटाखे भी हैं। वे (चीनी पटाखे) केवल चिंगारियां छोड़ते हैं, फूटते नहीं है। भाजपा इसी तरह के नकली उत्पाद ला रही है।"

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article