अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी के चर्चे इन दिनों बॉलीवुड में ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में भी खूब हो रहे हैं। नीतीश राणे के बाद अब शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने भी तीसरी शादी को लेकर आमिर खान पर करारा तंज कसा है। शिरसाट ने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता ’लव जिहाद’ के ब्रांड एंबेसडर हो सकते हैं।
संजय शिरसाट ने आमिर खान की तीसरी शादी पर कसा तंज।
बता दें कि संजय शिरसाट महाराष्ट्र के दूसरे मंत्री हैं, जिन्होंने तीसरी शादी के मुद्दे पर आमिर खान पर निशाना साधा है। उनसे पहले भाजपा के उनके सहयोगी नितेश राणे ने बॉलीवुड अभिनेता की आलोचना की थी।
आमिर की शादी पर क्या बोले संजय शिरसाट?
शिरसाट ने आमिर को आड़े हाथों लेते हुए यह भी कहा कि भले ही वो एक बड़े स्टार हों, लेकिन तीन बार शादी करने की वजह से वह लोगों के दिलों पर राज नहीं कर सकते। उन्होंने भाजपा नेता और राज्य मंत्री नितेश राणे की बात का भी समर्थन किया।
संजय शिरसाट ने कहा कि नितेश राणे कुछ हद तक सही हैं। जब लोग एक कलाकार के तौर पर आपका (आमिर खान) अनुसरण करते हैं, तो उन्हें लगता है कि आप एक बड़े ’स्टार’ हैं। अगर कोई ’स्टार’ ऐसा काम करे और एक-दो बार नहीं, बल्कि तीन बार शादी करे, तो लोग उससे क्या सीखेंगे? वह ’लव जिहाद’ का ब्रांड एंबेसडर तो बन सकता है, लेकिन आम लोगों के दिलों में जगह नहीं बना सकता।’’
नीतीश राणे ने उठाए थे सवाल
इससे पहले नीतीश राणे ने कहा था कि जब मशहूर हस्तियां अपनी निजी जिंदगी में ऐसे फ़ैसले लेती हैं, तो हिंदू समाज को इस पर सोचना चाहिए। राणे ने सवाल उठाया था कि क्या आमिर खान की हालिया शादी को ’लव जिहाद’ के उदाहरण के तौर पर देखा जाना चाहिए।
पांच जुलाई को आमिर ने की है गौरी स्प्रैट से शादी
गौरतलब है कि आमिर खान ने पांच जुलाई को मुंबई के बांद्रा में पाली हिल स्थित अपने घर पर गौरी स्प्रैट से एक निजी समारोह में शादी की। इससे पहले उनकी दो शादियां हो चुकी हैं हालांकि उनका दोनों पत्नियों से तलाक हो गया। आमिर खान ने पहली शादी रीना दत्ता से की थी जो 1986 से 2002 तक चली। इसके बाद उन्होंने दूसरी शादी फिल्मकार किरण राव से की, जो 2005 से 2021 तक चली। अब वे अपनी तीसरी शादी को लेकर खूब चर्चाओं में हैं।
