देश

चंपत राय के खिलाफ पुलिस ने दर्ज नहीं की FIR तो अब कोर्ट जाएंगे अयोध्या के वकील, दो और नाम शामिल

Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर चंदा चोरी मामले में अब चंपत राय के खिलाफ अयोध्या के वकील कोर्ट जाएंगे। वकीलों की मांग है कि चंपत राय के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

Image

राम मंदिर चंदा चोरी केस में सवालों के घेरे में हैं चंपत राय (फोटो- PTI)

Ram Mandir Donation Row: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के खिलाफ अयोध्या के वकील अब कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। वकीलों ने पहले ही मोर्चा निकालकर पुलिस को चंपत राय के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी। वकीलों का कहना है कि पुलिस ने चंपत राय के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है, इसलिए वो अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

चंपत राय के साथ-साथ और दो कौन?

फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने सोमवार को कहा कि वे राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के पूर्व सदस्यों अनिल मिश्रा एवं गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत का रुख करेंगे। फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्य आफताब खान ने कहा, ’’हमने राय, मिश्रा और राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को दो सप्ताह का समय दिया था। सोमवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने गया था। वहां अधिकारियों ने हमें बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और शिकायत को उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।’’

SSP ने क्या कहा?

आफताब खान उन 21 वकीलों की समिति के सदस्य भी हैं, जिसका गठन राय, मिश्रा और राव के खिलाफ मामले की पैरवी के लिए किया गया है।

उन्होंने कहा, ’’हमारे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांग को लेकर अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से भी मुलाकात की, लेकिन उन्होंने भी बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। अब हम अदालत का रुख करेंगे और राय, मिश्रा तथा राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।’’

कोई वकील नहीं करेगा पैरवी

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने आम सभा की बैठक में निर्णय लिया था कि राम मंदिर से जुड़े आरोपियों की ओर से कोई भी वकील पैरवी नहीं करेगा।

एसोसिएशन ने यह भी फैसला किया था कि यदि कोई सदस्य आरोपियों की ओर से पैरवी करता है तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और उसे एसोसिएशन से निष्कासित कर दिया जाएगा। दो जुलाई को फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने विरोध मार्च निकाला था और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन को लेकर चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी थी।

एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बताया था कि इस मामले में पहली प्राथमिकी दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता और एक अन्य ट्रस्टी कृष्ण मोहन का नाम भी वकीलों की शिकायत में आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। वकीलों ने जिला अदालत परिसर से राम जन्मभूमि थाने तक मार्च निकाला था और शिकायत सौंपते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article