भारत दौरे के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू की मेजबानी में राजकीय भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए कई विशेष शख्सियतों को भी न्योता भेजा गया था। इनमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर का भी नाम शामिल है। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर थरूर को बुलाए जाने पर विवाद पैदा हो गया है। कांग्रेस के कई नेताओं ने इसकी आलोचना की है, वहीं दूसरी ओर डिनर में शामिल होने के बाद शशि थरूर ने पहली बार बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि पुतिन के लिए राजकीय भोज के दौरान राष्ट्रपति भवन का माहौल कैसा था।
शशि थरूर: थरूर (फाइल फोटो)
राजकीय भोज के दौरान राष्ट्रपति भवन का माहौल कैसा था?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा है कि शुक्रवार रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए आयोजित राजकीय भोज में गर्मजोशी भरा और आत्मीय माहौल था। इस दौरान कई लोगों से बातचीत करना आनंददायक था।
और क्या बोले थरूर
थरूर ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट में बताया कि वे शुक्रवार रात राष्ट्रपति पुतिन के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में शामिल हुए। इस दौरान माहौल बेहद गर्मजोशी भरा और आत्मीय था। थरूर ने कहा कि डिनर के दौरान उन्होंने वहां उपस्थित कई लोगों से बातचीत करने का आनंद लिया, खासतौर पर रूसी प्रतिनिधिमंडल से आए साथी बेहद अच्छे थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की राजकीय भोज की मेजबानी
अपने रूसी समकक्ष पुतिन के भारत दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन किया था। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह साझेदारी अक्टूबर 2000 में पुतिन की पहली भारत यात्रा के दौरान स्थापित हुई थी। इस दौरान मुर्मू ने भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के लिए पुतिन के समर्थन और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की भी सराहना की।
शशि थरूर को न्योते पर सियासत शुरू
वहीं, दूसरी ओर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित राजकीय भोज में शशि थरूर को बुलाने पर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया था कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को इसमें आमंत्रित नहीं किया गया है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कांग्रेस सांसद थरूर के इस भोज में शामिल होने के फैसले को लेकर उन पर कटाक्ष किया और कहा कि हम होते तो अंतरात्मा की आवाज सुनते।
