देश

शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कामरा के शूटिंग वाले होटल में की तोड़फोड़, एकनाथ शिंदे को गद्दार कहने पर भड़के

क पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिंदे के खिलाफ कामरा के कटाक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ता होटल के सभागार में पहुंचे। इस वीडियो को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, ‘कुणाल का कमाल।’

Image

कुणाल कामरा

Sena Workers Ransack Hotel: शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई के खार इलाके में एक होटल में तोड़फोड़ की, जहां स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के शो की शूटिंग की गई थी, जिसमें उन्होंने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर ‘गद्दार’ शब्द के जरिये कटाक्ष किया था। उपद्रवियों ने खार इलाके में स्थित होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की, जहां शो की शूटिंग हुई थी और कामरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

शिवसेना कार्यकर्ताओं ने होटल में की तोड़फोड़

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिंदे के खिलाफ कामरा के कटाक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ता होटल के सभागार में पहुंचे। इस वीडियो को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, ‘कुणाल का कमाल।’ कामरा ने फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गाने के संशोधित संस्करण का इस्तेमाल करके शिंदे पर कटाक्ष किया था। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कामरा को चेतावनी दी कि पूरे देश में शिवसेना कार्यकर्ता उनका पीछा करेंगे। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘आपको भारत से भागने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।’

सांसद ने एक्स पर वीडियो प्रसारित करने के लिए शिवसेना नेता संजय राउत की भी आलोचना की। वहीं, राउत ने एक पोस्ट में कहा, कुणाल कामरा प्रसिद्ध लेखक और स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं। कुणाल ने महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य पर एक पैरोडी गीत बनाया, जिससे शिंदे गिरोह नाराज हो गया और फिर स्टूडियो में तोड़फोड़ की। शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने कहा कि वह कामरा के खिलाफ एमआईडीसी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।

आदित्य ठाकरे का शिंदे पर निशाना

शिवसेना (UBT) नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने स्टूडियो पर हुए हमले को कायरतापूर्ण बताया। एक्स पर अपने पोस्ट में आदित्य ठाकरे ने कहा, मिंधे (शिंदे) के कायर गिरोह ने कॉमेडी शो का मंच तोड़ दिया, जहां कॉमेडियन कुणाल कामरा ने एकनाथ मिंधे पर एक गाना गाया, जो 100 प्रतिशत सच था। केवल एक असुरक्षित कायर ही किसी के गाने पर प्रतिक्रिया करेगा। वैसे, राज्य में कानून-व्यवस्था कैसी है? एकनाथ मिंधे द्वारा मुख्यमंत्री और गृह मंत्री (देवेंद्र फडणवीस) को कमजोर करने का एक और प्रयास। आदित्य ठाकरे हमेशा एकनाथ शिंदे का जिक्र करते समय उन पर तंज कसने के लिए मराठी शब्द ‘मिंधे’ का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि इसका मतलब अधीनस्थ होता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article